
विकास नंद/सर्वव्यापी
सांकरा थाना क्षेत्र में जोंक नदी के पुराने पुल पर रविवार को कार और बाइक के बीच हुई भीषण टक्कर में बड़ा हादसा हो गया। टक्कर के बाद दोनों वाहन पुल से नीचे नदी में जा गिरे। हादसे में कार चालक की डूबने से मौत हो गई, जबकि बाइक चालक लापता है। पुलिस और रेस्क्यू टीम उसकी तलाश में जुटी हुई है।पुलिस के अनुसार, कार सांकरा बस्ती से बल्दीडीह की ओर जा रही थी, जबकि बाइक विपरीत दिशा से आ रही थी। इसी दौरान दोनों वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में वैगनआर कार में सवार चार तथा बाइक में सवार तीन लोग वाहन सहित पुराने जोंक नदी पुल से नीचे गिर गए।रेस्क्यू अभियान चलाकर कार में सवार मुकेश बारीक, रोशन चौहान और सुनील जगत, सभी निवासी दूधिपाली थाना बसना, तथा बाइक में सवार विजय साहू और विशाली साहू, निवासी ग्राम गबौद चौकी बार, बलौदाबाजार को सुरक्षित बचा लिया गया।हादसे में कार चालक राजकुमार निषाद (42 वर्ष), पिता तेजराम निषाद, निवासी दूधिपाली की नदी में डूबने से मृत्यु हो गई। वहीं बाइक चालक भगीरथी साहू (55 वर्ष), पिता मयाराम साहू, निवासी बारनवापारा हादसे के बाद से लापता है। उसकी तलाश के लिए पुलिस एवं रेस्क्यू टीम द्वारा नदी में खोजबीन की जा रही है।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है।



