
नूर मोहम्मद,जिला ब्यूरो चीफ,गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (सर्वव्यापी)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जीपीएम जिला द्वारा ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जा रहा है। अभियान की रूपरेखा और उद्देश्यों को लेकर जिला भाजपा कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता राजा पाण्डेय विशेष रूप से उपस्थित रहे।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए राजा पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, समर्पण, सुशासन, राष्ट्र निर्माण और जनकल्याण की प्रेरणादायी यात्रा के 25 वर्ष हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने सार्वजनिक जीवन में समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर कार्य किया है।
राजा पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, आत्मनिर्भरता, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवा शक्ति और राष्ट्र की सुरक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की कार्यशैली का मूल मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ रहा है।उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ महज एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के प्रति सेवा और जिम्मेदारी के भाव को और मजबूत करने का संकल्प है।
भाजपा कार्यकर्ता इस अभियान के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेंगे तथा विभिन्न सेवा गतिविधियों के जरिए जनकल्याण और राष्ट्रसेवा का संदेश जन-जन तक पहुंचाएंगे।
भाजपा कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन से प्रेरणा लेकर कार्यकर्ता सेवा, समर्पण और जनकल्याण को अपनी प्राथमिकता बनाएं। अभियान के माध्यम से समाज के जरूरतमंद वर्गों तक पहुंचकर सेवा कार्यों को गति दी जाएगी। प्रेस वार्ता में जिला भाजपा अध्यक्ष लालजी यादव, मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कन्हैया सिंह राठौड़, समीरा पैकरा, डॉ. नीरज जैन, लुसेंन सिंह राठौड़, किशन सिंह, राकेश दीक्षित, दया सिंह पोर्ते, बालकृष्ण अग्रवाल, रानू नामदेव, मनीष श्रीवास, शिव शर्मा, दीपक शर्मा एवं अरुण तिवारी सहित भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




