
विकास नंद/ सर्वव्यापी
जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत बसना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट पलसापाली बेरियर के पास वाहन चेकिंग के दौरान एक बोलेरो वाहन से 35.400 किलो गांजा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजा, वाहन और मोबाइल सहित कुल 22 लाख 90 हजार रुपये की संपत्ति पुलिस ने जब्त की है।
पुलिस के अनुसार पलसापाली बेरियर के पास वाहन चेकिंग के दौरान उड़ीसा के पदमपुर की ओर से आ रही संदिग्ध बोलेरो CG 04 NW 0801 को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में प्लास्टिक की बोरी में छिपाकर रखा गया 35.400 किलो गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गांजा उड़ीसा के मोहनगिरी, जिला कालाहांडी से लाकर पुणे, महाराष्ट्र में बिक्री के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की है।दो आरोपी गिरफ्तारगिरफ्तार आरोपियों में उमेश गोरे (24) पिता भरत गोरे, निवासी देवगांव, थाना पारागांव, जिला पुणे, महाराष्ट्र तथा बृजलाल साहू (38) पिता दशरथ साहू, निवासी टोंगो-पथरा, थाना पिथौरा, जिला महासमुंद शामिल हैं।
22.90 लाख की संपत्ति जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 35.400 किलो गांजा, जिसकी कीमत 17 लाख 70 हजार रुपये, एक बोलेरो वाहन जिसकी कीमत करीब 5 लाख रुपये तथा दो मोबाइल फोन, कीमत 20 हजार रुपये, जब्त किए हैं। इस तरह जब्त संपत्ति की कुल कीमत 22 लाख 90 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस द्वारा अंतर्राज्यीय सीमा क्षेत्रों में लगातार वाहन चेकिंग और निगरानी की जा रही है, जिसके तहत गांजा तस्करी के खिलाफ यह कार्रवाई की गई।


