Newsछत्तीसगढ़महासमुंद

सरायपाली के विकास को मिली 175 करोड़ की सौगात, उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने किया लोकार्पण-भूमिपूजन,सांसद रूपकुमारी चौधरी की मांग पर विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपए की घोषणा, पेयजल और अधोसंरचना को मिलेगी नई रफ्तार।

विकास नंद/सर्वव्यापी

उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास, लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने बुधवार को नई मंडी प्रांगण सरायपाली में आयोजित कार्यक्रम में नगर पालिका क्षेत्र को करीब 175 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने 23 करोड़ 28 लाख 61 हजार रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 154 करोड़ 88 लाख रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इन कार्यों से सरायपाली क्षेत्र में पेयजल, सामुदायिक भवन, अधोसंरचना, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट और अमृत मिशन सहित विभिन्न विकास कार्यों को गति मिलेगी।

कार्यक्रम में सांसद रूपकुमारी चौधरी, सरायपाली विधायक चातुरीनंद, छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल चौहान, छत्तीसगढ़ शाकंभरी बोर्ड के अध्यक्ष राजेंद्र नायक, राज्य महिला आयोग की सदस्य सरला कोसरिया, जिला स्काउट गाइड संघ के जिलाध्यक्ष ऐतराम साहू, नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती चंद्र, उपाध्यक्ष हेमंत प्रधान, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह सहित जनप्रतिनिधि, पार्षद, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

24 गांवों में पेयजल सुविधा के कार्यों का लोकार्पण

उपमुख्यमंत्री साव ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के जल जीवन मिशन अंतर्गत रेट्रोफिटिंग एवं एकल ग्राम योजना के तहत 24 गांवों में पेयजल सुविधा के लिए 18 करोड़ 18 लाख 61 हजार रुपए के कार्यों का लोकार्पण किया। इसके साथ ही नगर के विभिन्न वार्डों में सामुदायिक भवन एवं अन्य निर्माण कार्यों के लिए 5 करोड़ 10 लाख रुपए के कार्य भी लोकार्पित किए गए।वहीं एसटीपी निर्माण के लिए 10.21 करोड़ रुपए, जल प्रदाय अमृत मिशन 2.0 के तहत 139.55 करोड़ रुपए तथा विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों के लिए 5.12 करोड़ रुपए के कार्यों का भूमिपूजन किया गया।

विकास कार्यों में राशि की कमी नहीं होगी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि शुभ कार्य के अवसर पर वर्षा के रूप में इंद्रदेव का आशीर्वाद मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार विकास और जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है। उन्होंने सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया।उन्होंने कहा कि सरकार जिन विकास कार्यों का भूमिपूजन करती है, उनका लोकार्पण भी समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। विकास कार्यों को निर्धारित समय में पूरा कर जनता को उसका लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के साथ-साथ सरायपाली का विकास भी तेजी से हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरायपाली के विकास के लिए राशि की कमी नहीं होगी। सांसद रूपकुमारी चौधरी की मांग पर उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए 5 करोड़ रुपए अतिरिक्त देने की घोषणा की।

अमृत मिशन से घर-घर पहुंचेगा महानदी का पानी

सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि उपमुख्यमंत्री अरुण साव द्वारा बिना भेदभाव सभी क्षेत्रों में विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है, जिसका लाभ आम जनता को मिल रहा है। उन्होंने क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही रेल लाइन की मांग का उल्लेख करते हुए कहा कि इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ा है और सर्वे का कार्य शुरू हो चुका है। उन्होंने सरायपाली क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त राशि की मांग भी रखी।

सरायपाली विधायक चातुरीनंद ने अमृत मिशन 2.0 की स्वीकृति के लिए उपमुख्यमंत्री अरुण साव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह केवल पेयजल योजना नहीं, बल्कि हजारों परिवारों के जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण सौगात है। महानदी का पानी घर-घर पहुंचने से बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिलेगा। उन्होंने क्षेत्र के विकास से जुड़ी विभिन्न मांगें भी उपमुख्यमंत्री के समक्ष रखीं।कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को लेकर जानकारी साझा की तथा नागरिकों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!