विकास नंद/सर्वव्यापी
बच्चों को कृमि संक्रमण (पेट के कीड़ों) से बचाने और उनके बेहतर स्वास्थ्य के उद्देश्य से 10 अगस्त को पूरे प्रदेश में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाया जाएगा। अभियान के तहत 1 से 19 वर्ष तक के सभी बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को एल्बेंडाजोल की निःशुल्क दवा खिलाई जाएगी। जो बच्चे मुख्य दिवस पर दवा नहीं ले पाएंगे, उन्हें 17 अगस्त को आयोजित मॉप-अप दिवस पर दवा उपलब्ध कराई जाएगी।राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस भारत सरकार का वर्ष में दो बार संचालित होने वाला महत्वपूर्ण स्वास्थ्य अभियान है। इसके माध्यम से सरकारी एवं निजी विद्यालयों, सहायता प्राप्त स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों, महाविद्यालयों तथा विद्यालय नहीं जाने वाले बच्चों तक पहुंचकर एल्बेंडाजोल की दवा दी जाएगी। इस अभियान का उद्देश्य बच्चों को कृमि संक्रमण से मुक्त कर उनके पोषण स्तर, रोग प्रतिरोधक क्षमता और सीखने की क्षमता में सुधार लाना है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार आयु के आधार पर दवा का सेवन कराया जाएगा। 1 से 2 वर्ष तक के बच्चों को आधी गोली (200 मि.ग्रा.) चूरा बनाकर, 2 से 3 वर्ष तक के बच्चों को एक पूरी गोली (400 मि.ग्रा.) चूरा बनाकर तथा 3 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को एक पूरी गोली (400 मि.ग्रा.) चबाकर पानी के साथ दी जाएगी। दवा का वितरण प्रशिक्षित शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की निगरानी में किया जाएगा।
मुख्य अभियान के दौरान यदि कोई पात्र बच्चा दवा लेने से वंचित रह जाता है, तो उसे 17 अगस्त को आयोजित मॉप-अप दिवस पर एल्बेंडाजोल की खुराक दी जाएगी, ताकि कोई भी पात्र बच्चा कृमिनाशन से वंचित न रहे। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों एवं नागरिकों से अभियान में सक्रिय सहयोग करने तथा 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के प्रत्येक बच्चे को दवा अवश्य दिलाने की अपील की है।
विभाग द्वारा बताया गया कि पेट में कृमि होने से बच्चों में एनीमिया, कुपोषण, कमजोरी, भूख कम लगना, पेट दर्द, पढ़ाई में एकाग्रता की कमी तथा शारीरिक एवं मानसिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि एल्बेंडाजोल एक सुरक्षित एवं प्रभावी कृमिनाशक दवा है, जिसे प्रशिक्षित कर्मियों की देखरेख में आयु के अनुसार दिया जाता है। नियमित कृमिनाशन से बच्चों के समुचित शारीरिक एवं मानसिक विकास को बढ़ावा मिलता है।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी विभागों, शिक्षण संस्थानों, आंगनबाड़ी केंद्रों, पालकों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें तथा सभी पात्र बच्चों को 10 अगस्त को एल्बेंडाजोल की दवा अवश्य दिलाएं। जो बच्चे मुख्य दिवस पर दवा नहीं ले सकें, उन्हें 17 अगस्त के मॉप-अप दिवस पर दवा अवश्य दिलाई जाए।




