
विकास नंद/सर्वव्यापी
सरायपाली जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत किसड़ी में पंचायत परिषद और पंचायत सचिव के बीच कथित विवाद एवं आपसी तालमेल की कमी का खामियाजा अब ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। आरोप है कि पंचायत में विकास कार्य, निर्माण कार्य, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित कई मूलभूत जनहित के कार्य लंबे समय से ठप पड़े हैं, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी व्याप्त है।
ग्रामीणों के अनुसार, पंचायत सचिव की कार्यशैली से असंतुष्ट होकर कुछ दिन पूर्व सरपंच, पंचगण और सैकड़ों ग्रामीण जनपद पंचायत सरायपाली पहुंचे थे। उन्होंने पंचायत सचिव को कार्य में लापरवाही का जिम्मेदार बताते हुए तत्काल हटाने की मांग को लेकर जनपद पंचायत अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा था।इसके बाद ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय महासमुंद पहुंचकर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) को भी पूरे मामले से अवगत कराया।
बताया जा रहा है कि जनपद पंचायत सरायपाली द्वारा जांच रिपोर्ट जिला स्तर पर भेजे जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासनिक स्तर पर हो रही अनावश्यक देरी के कारण गांव में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन नहीं हो पा रहा है। इससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और लोगों के मन में प्रशासन की कार्यप्रणाली तथा सुशासन व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो इसका नकारात्मक प्रभाव सरकार की छवि पर भी पड़ सकता है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले में नियमानुसार त्वरित निर्णय लेकर पंचायत की प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारू बनाया जाए, ताकि प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य विकास एवं मूलभूत कार्य पुनः शुरू हो सकें और ग्रामवासियों को शासन की योजनाओं का समय पर लाभ मिल सके।



