
विकास नंद/ सर्वव्यापी
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 27 अगस्त को देशभर में व्यापक स्तर पर ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। महान हॉकी खिलाड़ी एवं देश के गौरव मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में मनाए जाने वाले राष्ट्रीय खेल दिवस को इस वर्ष युवा सहभागिता, खेल विकास और राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ मनाया जा रहा है।इसी कड़ी में महासमुंद जिले के प्रत्येक निर्धारित महाविद्यालयों में युवा कनेक्ट कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सरायपाली के स्व. जयदेव सतपथी शासकीय महाविद्यालय एवं रामचंडी महाविद्यालय में भी 27 अगस्त को खेलो इंडिया संवाद का आयोजन होगा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं, खिलाड़ियों और देश के भविष्य को एक साझा मंच पर जोड़ना तथा खेलों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करना है।कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को पिछले 12 वर्षों में देश में खेलों के क्षेत्र में हुए महत्वपूर्ण बदलावों, खेल अधोसंरचना के विकास और उभरते खेल पारिस्थितिकी तंत्र की जानकारी दी जाएगी। साथ ही युवाओं के विचार, सुझाव और आकांक्षाओं को भी मंच प्रदान किया जाएगा।कार्यक्रम की प्रमुख विशेषता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन होगा। प्रधानमंत्री देशभर के लगभग 1600 स्थानों पर उपस्थित 8 लाख से अधिक युवाओं को संबोधित करेंगे। दोनों महाविद्यालयों में अतिथियों एवं युवा प्रतिभागियों की उपस्थिति सुबह 10 बजे तक सुनिश्चित की जाएगी।प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद स्थानीय स्तर पर युवा संवाद आयोजित होगा। इसमें माय भारत वालंटियर्स और स्थानीय खिलाड़ियों के बीच विशेष संवाद सत्र होगा, जिसमें देश में खेल बुनियादी ढांचे में आए बदलाव तथा विकसित हो रहे खेल पारिस्थितिकी तंत्र पर चर्चा की जाएगी। इसके पश्चात लगभग 15 मिनट के युवा संवाद में प्रतिभागियों को खेल, युवा विकास और राष्ट्र निर्माण से जुड़े अपने विचार, सुझाव एवं आकांक्षाएं साझा करने का अवसर मिलेगा।सरायपाली के जयदेव सतपथी शासकीय महाविद्यालय और रामचंडी महाविद्यालय में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम क्षेत्र के युवाओं को राष्ट्रीय स्तर के खेल संवाद से जोड़ने के साथ ही उन्हें खेलों के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों और देश के बदलते खेल परिदृश्य से परिचित कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।



