Newsछत्तीसगढ़महासमुंद

समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर लंगेह सख्त: धान खरीदी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण पर भी जोर।

विकास नंद/ सर्वव्यापी

जिले में आगामी धान खरीदी को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि धान खरीदी की तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी उपार्जन केंद्रों में बारदाना, तारपोलिन, ड्रेनेज और पानी निकासी सहित तमाम आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं, ताकि किसानों को खरीदी के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

कलेक्टर लंगेह ने 10 नवंबर को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के कामकाज और शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने तथा जनहित से जुड़े कार्यों में गंभीरता और तत्परता बरतने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर जगन्नाथ वर्मा, सभी एसडीएम एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। विकासखंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े।

धान खरीदी केंद्रों की होगी नियमित निगरानी

धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने बारदाने की एंट्री में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय नोडल अधिकारी खरीदी अवधि में प्रत्येक सप्ताह कम से कम एक बार अपने आवंटित खरीदी केंद्रों का निरीक्षण करेंगे। केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाएगी। मौसम की अनिश्चितता को देखते हुए पर्याप्त तारपोलिन, जल निकासी और ड्रेनेज की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि बारिश और नमी से धान को सुरक्षित रखा जा सके।

अवैध धान परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए कलेक्टर ने सभी एसडीएम को अपने-अपने अनुविभाग में संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर आवश्यकतानुसार चेक पोस्ट स्थापित करने तथा स्वयं फील्ड में जाकर निरीक्षण करने के निर्देश दिए। स्पष्ट है कि इस बार धान खरीदी के साथ-साथ अवैध धान की आवाजाही पर भी प्रशासन की पैनी नजर रहेगी।

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर सख्ती

सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को लंबित शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में प्राथमिकता से निराकरण करने को कहा। उन्होंने विशेष रूप से स्पेशल क्लोजर से जुड़े मामलों में निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने और शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर जोर देते हुए कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

12 नवंबर को प्रभारी मंत्री करेंगे विभागीय समीक्षा

कलेक्टर ने जानकारी दी कि जिले के प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल 12 नवंबर को महासमुंद जिले के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान विभिन्न विभागों की बैठक लेकर योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा की जाएगी। इसके लिए सभी विभागीय अधिकारियों को अद्यतन जानकारी, प्रगति प्रतिवेदन और आवश्यक दस्तावेजों के साथ पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए गए।

युवा कार्यक्रम और जनजातीय गौरव दिवस की तैयारियों की समीक्षा

बैठक में 13 नवंबर को आयोजित होने वाले जिला युवा कार्यक्रम तथा 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने को कहा।इसके अलावा पहल कार्यक्रम के तहत विभागों को जनहित से जुड़े नवाचार आधारित प्रस्ताव प्रस्तुत करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। बैठक में वीबी-जी रामजी, प्रधानमंत्री आवास योजना, अपार आईडी कार्ड, राजस्व विभाग सहित अन्य विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

कलेक्टर लंगेह ने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे और लंबित कार्यों को तय समय-सीमा में पूरा किया जाए। धान खरीदी की तैयारियों से लेकर जनशिकायतों के निराकरण तक प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित करने पर उन्होंने विशेष जोर दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!