
नूर मोहम्मद ,जिला ब्यूरो चीफ गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही(सर्वव्यापी)

समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से ठीक पहले जिले में अवैध धान के भंडारण और परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्ती तेज कर दी है। कलेक्टर विजय दयाराम के. के मार्गदर्शन में राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने तहसील पेण्ड्रारोड के ग्राम बरवासन में दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमार कार्रवाई करते हुए कुल 240 बोरी धान जब्त किया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, जांच के दौरान ग्राम बरवासन निवासी राजेंद्र गुज्जर की बाड़ी में ट्रैक्टर पर रखी 35 बोरी और खुले में रखी 100 बोरी, इस प्रकार कुल 135 बोरी धान पाया गया। वहीं, जीवन सिंह मारको के यहां भी 105 बोरी धान अवैध रूप से भंडारित मिला। संयुक्त जांच दल ने दोनों स्थानों से कुल 240 बोरी धान जब्त कर ग्राम कोटवार की अभिरक्षा में सौंप दिया।जांच के दौरान पूछताछ में सामने आया कि संबंधित दोनों व्यक्तियों के खेतों में अभी तक धान की कटाई एवं मिसाई नहीं हुई थी। वहीं, पूछताछ में यह जानकारी भी मिली कि जब्त धान अन्य किसान के खेत से लाकर भंडारित किया गया था। इसके बाद जांच दल ने नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई की।*15 नवंबर से शुरू हो रही धान खरीदी, प्रशासन अलर्ट*गौरतलब है कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत राज्य शासन द्वारा 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ की जा रही है। खरीदी व्यवस्था में बिचौलियों की सक्रियता, अवैध भंडारण, परिवहन और अनियमित बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है।सीमावर्ती क्षेत्रों सहित जिले के विभिन्न इलाकों में राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमें लगातार जांच कर रही हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अवैध धान के भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




