
नूर मोहम्मद, जिला ब्यूरो चीफ, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही(सर्वव्यापी)

शासकीय हाई स्कूल गुदुमदेवरी में बाल दिवस के अवसर पर बच्चों के लिए विशेष न्योता भोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित जवाहरलाल नेहरू जी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।इस अवसर पर विद्यालय परिसर को पंडाल, गुब्बारों और फूलों से सजाया गया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चे, शिक्षक, अभिभावक और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से
पूर्व विधायक पहलवान सिंह मरावी, दया वाकरे, जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी, संस्था की प्राचार्य व अन्य जनप्रतिनिधि व शिक्षकगण उपस्थित थे।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी ने सभी बच्चों को चाचा नेहरू के जन्मदिन को बाल दिवस के रूप में मनाए जाने के संबंध में जानकारी दी और सभी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि चाचा नेहरू को बच्चे बहुत प्रिय थे और वे बच्चों को देश का भविष्य मानते थे, इसलिए हमें मन लगाकर पढ़ना चाहिए और अच्छे संस्कार अपनाने चाहिए।न्योता भोज में बच्चों को प्रेमपूर्वक भोजन कराया गया। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम, गीत, नृत्य और कविता के माध्यम से सभी का मन मोह लिया। मंच पर उपस्थित अतिथियों ने भी बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



