
विकास नंद/सर्वव्यापी
विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय वायरल हेपेटाइटिस नियंत्रण कार्यक्रम (एनवीएचसीपी) के तहत 28 एवं 29 जुलाई को भारत चिकित्सा महाविद्यालय एवं संबद्ध चिकित्सालय, महासमुंद में हेपेटाइटिस-बी एवं सी की स्क्रीनिंग तथा हेपेटाइटिस-बी टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया। दो दिवसीय शिविर में 54 अधिकारी-कर्मचारियों एवं एमबीबीएस छात्र-छात्राओं की स्क्रीनिंग की गई। जांच में सभी पात्र प्रतिभागियों की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें हेपेटाइटिस-बी का टीका लगाया गया।इस वर्ष विश्व हेपेटाइटिस दिवस की थीम “Let’s Break It Down – लोगों और जीवनरक्षक स्वास्थ्य सेवाओं के बीच मौजूद बाधाओं को दूर करें” निर्धारित की गई है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए आयोजित शिविर में अंतिम वर्ष के एमबीबीएस छात्र-छात्राओं, इंटर्न, सीनियर एवं जूनियर रेजिडेंट चिकित्सकों सहित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संक्रमण से बचाव के लिए स्क्रीनिंग और टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम का संचालन जिला नोडल अधिकारी (एनवीएचसीपी) डॉ. छत्रपाल चंद्राकर तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्रीमती नीलू घृतलहरे के मार्गदर्शन में किया गया। वहीं भारत चिकित्सा महाविद्यालय एवं संबद्ध चिकित्सालय में यह शिविर संयुक्त संचालक सह अस्पताल अधीक्षक डॉ. बसंत महेश्वरी के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि हेपेटाइटिस जैसी गंभीर बीमारी की समय पर पहचान और टीकाकरण से संक्रमण की रोकथाम संभव है। ऐसे जागरूकता एवं स्क्रीनिंग अभियान लोगों को सुरक्षित और स्वस्थ जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करते हैं।




