
विकास नंद/सर्वव्यापी
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के तेजी से बढ़ते प्रभाव के बीच छत्तीसगढ़ भी तकनीक के क्षेत्र में नई उड़ान भरने की तैयारी कर रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने एआई को विकास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और सुशासन से जोड़ने की दिशा में 500 करोड़ रुपये के मुख्यमंत्री एआई मिशन की शुरुआत की है।मिशन के तहत प्रदेश में 100 एआई लैब और 5 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस विकसित किए जाएंगे। करीब 6 लाख विद्यार्थियों और डेढ़ लाख शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों को एआई के उपयोग से जोड़ने की योजना है। वहीं शासन की 50 से अधिक सेवाओं को एआई आधारित तकनीक से अधिक प्रभावी और नागरिक सुविधाओं को सरल बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
कृषि से स्वास्थ्य तक एआई का उपयोग
एआई का उपयोग केवल आईटी क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा। कृषि क्षेत्र में मौसम, फसल, कीट एवं रोगों से जुड़े आंकड़ों के विश्लेषण के माध्यम से किसानों को समय पर सलाह देने में मदद मिलेगी। स्वास्थ्य क्षेत्र में रोगों की पहचान, जांच और संसाधनों के बेहतर प्रबंधन में एआई तकनीक उपयोगी साबित हो सकती है।सरकारी सेवाओं और पोर्टलों में एआई के इस्तेमाल से योजनाओं की मॉनिटरिंग और नागरिक सेवाओं की पहुंच बेहतर बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है। उद्योगों में मशीन लर्निंग, रोबोटिक्स और एआई सेंसर के उपयोग से उत्पादकता बढ़ाने, त्रुटियां कम करने और मशीनों में संभावित खराबी की समय रहते पहचान करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
नवा रायपुर बनेगा एआई और डेटा सेंटर का केंद्र
नवा रायपुर अटल नगर को आईटी, एआई और डेटा सेंटर के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है। यहां करीब 1 हजार करोड़ रुपये के निवेश से एआई आधारित डेटा सेंटर और एआई एसईजेड विकसित किया जा रहा है। साथ ही लगभग 200 करोड़ रुपये की लागत से नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट स्थापित करने का निर्णय लिया गया है।एनआईटी रायपुर और IIIT नवा रायपुर में एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के माध्यम से खनन, इस्पात, स्वास्थ्य, कृषि और स्मार्ट गवर्नेंस जैसे क्षेत्रों में अनुसंधान एवं स्टार्टअप को बढ़ावा देने की पहल की जा रही है।
युवाओं के लिए रोजगार और स्टार्टअप के नए अवसर
मुख्यमंत्री एआई मिशन का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य युवाओं को केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाला बनाना है। मशीन लर्निंग और डेटा साइंस जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को भविष्य की तकनीकी जरूरतों के लिए तैयार किया जा रहा है।नवा रायपुर में विकसित हो रहा एआई आधारित डेटा सेंटर भी प्रदेश के तकनीकी इकोसिस्टम को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण परियोजना के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है। इससे डिजिटल सेवाओं, उच्च तकनीकी रोजगार, स्टार्टअप और अनुसंधान के अवसर बढ़ने की संभावना है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के अनुसार शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और जनसेवा में एआई के प्रभावी उपयोग से रोजगार एवं नवाचार के नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं। मुख्यमंत्री एआई मिशन के जरिए राज्य सरकार तकनीक को आम नागरिकों के जीवन को आसान बनाने और विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में उपयोग करने पर जोर दे रही है।




