तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी

महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के साथ मानव तस्करी एवं घरेलू हिंसा जैसी गंभीर सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूकता और प्रभावी कार्रवाई को लेकर छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। राष्ट्रीय महिला आयोग के सौजन्य से 23 नवंबर 2026, सोमवार को रायपुर स्थित पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के पंडित रविशंकर शुक्ल सभागार में मानव तस्करी एवं घरेलू हिंसा विषय पर प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा।इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ के माननीय राज्यपाल रमेन डेका करेंगे, जबकि समापन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की भी विशेष सहभागिता रहेगी। कार्यशाला का आयोजन प्रातः 11 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है।छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य मानव तस्करी और घरेलू हिंसा जैसी गंभीर समस्याओं के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करना, इनके प्रति सामाजिक जागरूकता बढ़ाना तथा महिलाओं को सुरक्षा और न्याय दिलाने के लिए प्रभावी प्रयासों को प्रोत्साहित करना है। मानव तस्करी आज भी महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के सामने बड़ी चुनौती है, वहीं घरेलू हिंसा के मामले भी समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय बने हुए हैं। ऐसे में इन विषयों पर प्रशिक्षण और कार्यशाला का आयोजन महत्वपूर्ण माना जा रहा है।कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू सहित आयोग की सदस्य सरला कोसरिया, प्रियंवदा सिंह जूदेव, दीपिका सोरी एवं ओजस्वी मंडावी की सहभागिता रहेगी। वहीं आयोग के सचिव रमेश कुमार साहू भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।गौरतलब है कि महिलाओं के विरुद्ध होने वाली हिंसा, शोषण, उत्पीड़न और मानव तस्करी जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए केवल कानूनी प्रावधान पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि प्रशासनिक संवेदनशीलता, सामाजिक सहभागिता और जागरूकता भी आवश्यक है। इस दिशा में राज्य महिला आयोग की यह कार्यशाला महत्वपूर्ण मंच साबित हो सकती है।




