
विकास नंद/ सर्वव्यापी
जिले में नए एवं युवा मतदाताओं के पंजीकरण को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विनय कुमार लंगेह ने 14 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले के सभी हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्यों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार पात्र युवाओं और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे नागरिकों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।कलेक्टर लंगेह ने कहा कि मतदाता सूची में जिन पात्र नागरिकों के नाम दर्ज नहीं हैं, उनका चिन्हांकन कर नाम जुड़वाने के लिए आवेदन की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए। विशेष अभियान के तहत 17 वर्ष से अधिक आयु के युवाओं, पहली बार मतदान के लिए पात्र युवाओं तथा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे अन्य पात्र नागरिकों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।उन्होंने स्कूलों के माध्यम से युवाओं को मतदाता पंजीकरण के प्रति जागरूक करने और अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया, ताकि अधिक से अधिक पात्र युवा मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकें।
लोकतंत्र में भागीदारी के लिए जागरूकता जरूरी
मतदाता पंजीकरण अभियान का उद्देश्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है। इसके लिए स्कूल स्तर पर जागरूकता बढ़ाने और पात्र युवाओं को पंजीकरण की प्रक्रिया से अवगत कराने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।




