GPMNewsछत्तीसगढ़

रंगों और शब्दों में सजा विकसित भारत का सपना, बच्चों ने दिखाई प्रतिभाडाइट पेंड्रा में जिला स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित, कलेक्टर विजय दयाराम ने विद्यार्थियों को दिया आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास का मंत्र।

नूर मोहम्मद,जिला ब्यूरो चीफ,गौरेला-पेंड्रा-मरवाही

सेवा, संकल्प एवं समर्पण—विकसित भारत 2047 की परिकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शिक्षा विभाग द्वारा जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) पेंड्रा में जिला स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। ‘विकसित भारत की कल्पना एवं 25 वर्षों के सेवा कार्य’ विषय पर आयोजित प्रतियोगिता में जिले के तीनों विकासखंडों से चयनित विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक सोच, वक्तृत्व क्षमता और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।चित्रकला प्रतियोगिता में 30 विद्यार्थियों तथा भाषण प्रतियोगिता में 31 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने रंगों और कल्पनाओं के माध्यम से विकसित भारत की अपनी तस्वीर कागज पर उकेरी, वहीं भाषण प्रतियोगिता में देश के भविष्य, डिजिटल तकनीक और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर अपने विचार रखे।

छात्राओं की प्रस्तुति ने खींचा ध्यान

भाषण प्रतियोगिता में प्राथमिक शाला बंधी, पेंड्रा की कक्षा पांचवीं की छात्रा प्रिंसी केवट ने ‘डिजिटल इंडिया’ विषय पर प्रभावशाली वक्तव्य दिया। वहीं माध्यमिक शाला कोटखर्रा, मरवाही की कक्षा सातवीं की छात्रा प्रिंसी गुर्जर ने ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर अपने विचार प्रस्तुत कर सभी को प्रभावित किया। दोनों छात्राओं की आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुति और प्रभावी संवाद शैली की उपस्थित लोगों ने सराहना की।

कलेक्टर ने साझा किए छात्र जीवन के अनुभव

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलेक्टर विजय दयाराम के. ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ-साथ आत्मविश्वास, प्रभावी संवाद, व्यक्तित्व विकास और बॉडी लैंग्वेज पर भी ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखते रहने, अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे लगातार निखारने के लिए प्रेरित किया।

जनभागीदारी से सेवा कार्यों को मिल रही नई दिशा

जिला पंचायत उपाध्यक्ष उपेंद्र बहादुर सिंह ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत जनसेवा और जनभागीदारी से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, जो सराहनीय पहल है। उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मकता और उत्साह की भी प्रशंसा की।कार्यक्रम के दौरान जिले के तीनों विकासखंडों से चयनित विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई चित्रकलाओं की प्रदर्शनी भी लगाई गई। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर बच्चों की कलाकृतियों की सराहना की। चित्रों में विद्यार्थियों ने अपने सपनों के विकसित भारत, आधुनिक तकनीक, स्वच्छता, शिक्षा, पर्यावरण और राष्ट्र निर्माण की कल्पनाओं को रंगों के माध्यम से जीवंत रूप दिया।इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी, बीईओ पेंड्रा आर.एन. चंद्रा, बीईओ गौरेला उपेंद्र सिंह, बीईओ मरवाही संजय वर्मा, आलोक शुक्ला सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!