
विकास नंद/ सर्वव्यापी
छत्तीसगढ़ में ‘हर घर तिरंगा’ और ‘वंदे मातरम्’ अभियान के तहत देशभक्ति का उत्साह चरम पर है। इसी कड़ी में महासमुंद जिले में सांसद रूपकुमारी चौधरी के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में शामिल नागरिकों ने राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश दिया।
तिरंगा यात्रा में राज्य महिला आयोग की सदस्य सरला कोसरिया, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कलेक्टर एवं जिला प्रशासन के अधिकारी, स्कूली बच्चे तथा गणमान्य नागरिक शामिल हुए। पूरे यात्रा मार्ग में देशभक्ति के नारों और तिरंगे के साथ लोगों में खासा उत्साह नजर आया।
केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत देशभर में 9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान मनाया जा रहा है। वहीं छत्तीसगढ़ में संस्कृति विभाग के माध्यम से 7 से 17 अगस्त तक विभिन्न देशभक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस वर्ष अभियान को ‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्ष के स्मरणोत्सव से भी जोड़ा गया है।
9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’, 7 से 15 अगस्त तक ‘वंदे मातरम्’अभियान के तहत प्रदेश के सभी जिलों में 9 से 17 अगस्त तक नागरिकों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा। वहीं 7 से 15 अगस्त तक ‘वंदे मातरम्’ गायन और विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित होंगी। 15 अगस्त को ध्वजारोहण के बाद सामूहिक राष्ट्रगान और ‘वंदे मातरम्’ का गायन भी किया जाएगा।
तिरंगा यात्रा से लेकर मैराथन तक होंगे आयोजन
अभियान के दौरान जिला मुख्यालयों, विकासखंडों, ग्राम पंचायतों और शैक्षणिक संस्थानों में तिरंगा यात्राएं, बाइक एवं कार रैलियां, मशाल रैलियां तथा तिरंगा मैराथन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें जनप्रतिनिधियों के साथ स्व-सहायता समूहों, पुलिस, NCC, NSS, स्काउट-गाइड और आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।तिरंगा सेल्फी और देशभक्ति कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्रनागरिक अपने घरों पर फहराए गए तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर ‘हर घर तिरंगा’ पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे। सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा कैनवास, तिरंगा मेले और देशभक्ति कॉन्सर्ट भी आयोजित होंगे। इसके अलावा ऑडियो-वीडियो बूथ के माध्यम से नागरिक ‘वंदे मातरम्’ गाकर अपनी रिकॉर्डिंग भी अपलोड कर सकेंगे।
14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मरण दिवस
14 अगस्त को भारत विभाजन की विभीषिका और स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों को याद करते हुए विशेष प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी। इस दौरान राज्य पुलिस बैंड द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर देशभक्ति गीतों की संगीतमय प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी।महासमुंद में निकली तिरंगा यात्रा ने स्वतंत्रता दिवस से पहले जिले में राष्ट्रभक्ति और जनभागीदारी का माहौल और मजबूत किया। आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।



