Newsछत्तीसगढ़बिलासपुर

महासमुंद को 31.60 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, नए बस स्टैंड के लिए 6.50 और कार्यालय भवन के लिए 3.50 करोड़ की घोषणा।

विकास नंद/ सर्वव्यापी

उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने शनिवार को महासमुंद प्रवास के दौरान शहरवासियों को करीब 31 करोड़ 60 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। लोहिया चौक में आयोजित विकास कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रम में उन्होंने नए बस स्टैंड को आधुनिक एवं सुविधायुक्त बनाने के लिए 6 करोड़ 50 लाख रुपये तथा नए नगरीय कार्यालय भवन के निर्माण के लिए 3 करोड़ 50 लाख रुपये देने की घोषणा की।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार शहरों के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश के सभी शहरों को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाना है। उन्होंने कहा कि महासमुंद प्रदेश का महत्वपूर्ण जिला है और यहां नेतृत्व करने की क्षमता है। आने वाले समय में महासमुंद प्रदेश के अग्रणी जिलों में अपना नाम रोशन करेगा।साव ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में 12 हजार 666 करोड़ रुपये के पुल-पुलिया निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। महासमुंद जिले में भी विभिन्न विकास कार्यों के लिए 468 कार्यों को प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। उन्होंने कहा कि सड़कों और अधोसंरचना के विकास को तेजी दी जा रही है तथा महासमुंद के विकास के लिए राज्य सरकार हरसंभव सहयोग करेगी।

महासमुंद को देश का नंबर-1 स्वच्छ शहर बनाने का लक्ष्य

उपमुख्यमंत्री ने नागरिकों से महासमुंद को देश का नंबर-1 स्वच्छ शहर बनाने में सहयोग का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता और विकास केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। सभी को संकल्प लेना चाहिए कि शहर हमारा है, इसका मान-सम्मान और गौरव भी हमारा है।उन्होंने बताया कि प्रदेश में युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए 38 नालंदा परिसर स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने महतारी वंदन योजना सहित सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरा करने की दिशा में राज्य सरकार निरंतर काम कर रही है।

विधायक ने रखी रिंग रोड और विकास कार्यों की मांग

विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और उपमुख्यमंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन में महासमुंद के विकास को लगातार प्राथमिकता मिल रही है। उन्होंने बताया कि महासमुंद का गौरव पथ और तुमगांव रोड निर्माणाधीन है। नहर लिंकिंग रोड स्वीकृत हो चुका है तथा सड़कों के कार्यों के टेंडर जारी किए जा चुके हैं। सीकासेर का पानी कोडार तक पहुंच रहा है और सिरपुर बैराज भी स्वीकृत हो चुका है।विधायक सिन्हा ने शहर की बढ़ती आबादी और विस्तार को देखते हुए रिंग रोड की आवश्यकता पर जोर देते हुए नए बस स्टैंड और नए कार्यालय भवन की मांग उपमुख्यमंत्री के समक्ष रखी।

नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने विकास कार्यों की सौगात के लिए उपमुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने शहर के विस्तार और बढ़ती आबादी को देखते हुए महासमुंद नगर पालिका को नगर निगम का दर्जा देने की मांग रखी। साथ ही आधुनिक बस स्टैंड और नए नगर पालिका भवन की आवश्यकता भी बताई।

इन विकास कार्यों का हुआ भूमिपूजन

कार्यक्रम में साहू सदन के पास 25.07 लाख रुपये की लागत से डोम शेड निर्माण, 240.67 लाख रुपये की लागत से सूखे एवं गीले कचरे के प्रसंस्करण संयंत्र की स्थापना एवं उन्नयन, तथा 15वें वित्त आयोग के अनटाइड ग्रांट से 58.22 लाख रुपये की लागत से पेवर ब्लॉक, सीसी रोड, आरसीसी नाली और ट्यूबलर पोल स्थापना के कार्य शामिल हैं।इसके अलावा अधोसंरचना मद से 127.85 लाख रुपये की लागत से 15 विकास कार्य कराए जाएंगे। महासमुंद क्षेत्र में 1275.62 लाख रुपये की लागत से इंटरसेप्शन एवं डायवर्सन ड्रेन सहित एसटीपी निर्माण तथा उसके संचालन-संधारण का कार्य होगा।वार्ड क्रमांक 29 एवं 11 में 440.98 लाख रुपये की लागत से उच्च स्तरीय जलागार एवं अन्य निर्माण कार्य किए जाएंगे। वहीं नयापारा-अछरीडीह मार्ग पर पुल-पुलिया सहित 1.20 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 164.90 लाख रुपये, लहंगर से पीढ़ी मार्ग के 3 किलोमीटर निर्माण के लिए 466.19 लाख रुपये तथा कौंदकेरा से बनसिवनी मार्ग के 3 किलोमीटर चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 360.17 लाख रुपये की लागत से कार्य किए जाएंगे।

कार्यक्रम में पूर्व राज्य मंत्री पूनम चंद्राकर, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष चन्द्रहास चन्द्राकर, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी सहित जनप्रतिनिधि, पार्षद, एल्डरमेन, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!