Newsछत्तीसगढ़महासमुंद

बारिश को लेकर कलेक्टर लंगेह अलर्ट, अस्पतालों में एंटी रेबीज-एंटी वेनम वैक्सीन का पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश।

विकास नंद/ सर्वव्यापी

बारिश की स्थिति को देखते हुए कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिले में प्रशासन को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में उन्होंने विभागवार योजनाओं, लंबित प्रकरणों और विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने कहा।

कलेक्टर लंगेह ने विशेष रूप से स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पतालों में आवश्यक दवाइयों के साथ एंटी रेबीज एवं एंटी वेनम वैक्सीन का पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान सर्पदंश और पशु काटने जैसी घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है, ऐसे में जरूरतमंद लोगों को तत्काल उपचार उपलब्ध होना चाहिए।उन्होंने ग्राम पंचायतों में मुनादी कराने, नदी-नालों एवं तटीय क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने तथा जलप्रपात सहित अन्य पर्यटन स्थलों पर सावधानी बरतने की अपील की। आपात स्थिति में ग्राम पंचायत स्तर पर खाद्य सामग्री की व्यवस्था रखने के निर्देश भी दिए गए।

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समय-सीमा में हो निराकरण

कलेक्टर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शिकायतों की वास्तविक स्थिति की जांच कर गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने बार-बार आने वाली शिकायतों के स्थायी समाधान पर विशेष जोर दिया।बैठक में बताया गया कि जिले में अब तक सीएम हेल्पलाइन के अंतर्गत 5,169 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 1,952 प्रकरणों का फीडबैक सहित निराकरण किया जा चुका है तथा 733 प्रकरणों को स्पेशल क्लोजर किया गया है।

हर ग्राम पंचायत में वीबी-राम जी योजना का कार्य शुरू करने के निर्देश

कलेक्टर लंगेह ने वीबी-राम जी योजना की समीक्षा करते हुए सभी जनपद पंचायतों को प्रत्येक ग्राम पंचायत में कम से कम एक कार्य शीघ्र शुरू कराने और अधिक से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने कहा। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अप्रारंभ आवासों का निर्माण तत्काल शुरू कराने तथा पात्र अस्वीकृत आवासों के प्रकरणों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए।

ई-हॉस्पिटल, आधार और ई-फाइल व्यवस्था पर जोर

कलेक्टर ने ई-हॉस्पिटल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मरीजों एवं स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित डाटा का ऑनलाइन पंजीयन नियमित रूप से करने कहा। उन्होंने आधार आधारित उपस्थिति व्यवस्था का पालन सुनिश्चित करने तथा सभी कार्यालयों में ई-फाइल प्रणाली को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

विकास कार्यों में देरी बर्दाश्त नहीं

विभिन्न प्राधिकरणों के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने लंबित और अप्रारंभ कार्यों को प्राथमिकता से शुरू कराने कहा। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्णता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के शिविरों, आदि सेवा केंद्रों, राजस्व प्रकरणों, डिजिटल क्रॉप सर्वे, स्वामित्व पट्टा वितरण, पीएम सूर्य घर योजना, न्यायालयीन प्रकरणों, कलेक्टर जनदर्शन, पीजी पोर्टल एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम सहित विभिन्न विषयों की समीक्षा की गई।कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता हो, ताकि शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंच सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!