Newsछत्तीसगढ़महासमुंद

पलसापाली बैरियर पर 115 शीशी प्रतिबंधित कफ सिरप के साथ दो तस्कर गिरफ्तार।

विकास नंद/सर्वव्यापी

जिले में प्रतिबंधित नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ बसना पुलिस और एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पलसापाली बैरियर पर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 115 शीशी प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सिरप (विंसेरेक्स) बरामद की गई है। दोनों आरोपी ओडिशा से नशीली कफ सिरप खरीदकर रायपुर ले जा रहे थे। पुलिस ने सिरप के साथ परिवहन में प्रयुक्त सुजुकी बर्गमैन दोपहिया वाहन जब्त किया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत 73,395 रुपये आंकी गई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर 2026 को थाना बसना पुलिस एवं एएनटीएफ की टीम पलसापाली बैरियर पर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से सफेद रंग की सुजुकी बर्गमैन क्रमांक CG-04-RB-1095 में सवार दो व्यक्ति पहुंचे। पुलिस की चेकिंग देखकर दोनों घबरा गए और वाहन मोड़कर भागने का प्रयास करने लगे। संदेह होने पर पुलिस टीम ने पीछा कर घेराबंदी की और दोनों को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों की पहचान मिर्जा एजाज (32 वर्ष), निवासी संतोषी नगर, टिकरापारा, रायपुर तथा शेख अशफाक (38 वर्ष), निवासी शास्त्री मार्केट, थाना गोल बाजार, रायपुर के रूप में हुई। पुलिस द्वारा भागने का कारण पूछने पर उन्होंने ओडिशा से प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप खरीदकर बिक्री के लिए रायपुर ले जाना स्वीकार किया।गवाहों की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उनके संयुक्त कब्जे में रखे पिट्ठू बैग से कोडीन फॉस्फेट एवं ट्राइप्रोलिडिन हाइड्रोक्लोराइड युक्त विंसेरेक्स कफ सिरप की 115 शीशियां बरामद हुईं। प्रत्येक शीशी में 100 एमएल सिरप था। इस तरह कुल 11,500 एमएल प्रतिबंधित कफ सिरप जब्त की गई। आरोपियों के पास इसके परिवहन एवं कब्जे से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस नहीं मिला।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना बसना में अपराध क्रमांक 650/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट, 1985 की धारा 21(2)(सी) में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से 23,395 रुपये कीमत की प्रतिबंधित कफ सिरप तथा 50 हजार रुपये कीमत का दोपहिया वाहन जब्त किया गया है। कुल जब्ती की कीमत 73,395 रुपये बताई गई है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की विवेचना की जा रही है।

नशीली दवाओं की तस्करी पर पुलिस की नजर

पुलिस के अनुसार जिले में अवैध नशीली दवाओं की तस्करी रोकने के लिए लगातार वाहन जांच और कार्रवाई की जा रही है। तस्करी के स्रोत, गंतव्य, नेटवर्क तथा आर्थिक लेन-देन की जानकारी जुटाने के लिए भी प्रभावी जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!