Newsछत्तीसगढ़महासमुंद

जनदर्शन में उमड़ी फरियादियों की भीड़, 55 आवेदनों पर अनुपमा आनंद ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश।

विकास नंद/ सर्वव्यापी

कलेक्ट्रेट में आयोजित कलेक्टर जनदर्शन में जिले के नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं, मांगों और शिकायतों को लेकर 55 आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुपमा आनंद ने आवेदकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं विस्तार से सुनीं। उन्होंने प्राप्त आवेदनों के निराकरण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जनदर्शन में वृद्धा पेंशन बंद होने पर उसे पुनः शुरू कराने, मधुमक्खी के काटने से हुई मृत्यु के मामले में मृतक के परिजनों को प्राकृतिक आपदा के तहत आर्थिक सहायता स्वीकृत करने तथा महतारी वंदन योजना की राशि की जानकारी नहीं मिलने पर संबंधित बैंकर्स को आवश्यक निर्देश देने संबंधी आवेदन प्राप्त हुए।इसके अलावा नौकरी से पुनः बहाली एवं बकाया वेतन भुगतान, किसान ऋण पुस्तिका में सुधार, दूसरे राजस्व निरीक्षक से सीमांकन कराने, व्यावसायिक परिसर में धोबी दुकान उपलब्ध कराने तथा मुंगईमाता गांव के किसानों का डिजिटल क्रॉप सर्वे (डीसीएस) शीघ्र कराने की मांग भी रखी गई।

धरमपुर और बिजराडीह के प्राथमिक स्कूलों में अहाता निर्माण की स्वीकृति, करनी कृपा तुमगांव स्थित निजी कंपनी से एक माह का बकाया वेतन दिलाने, खरीदी गई भूमि का कब्जा दिलाने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत मजदूरी भुगतान से संबंधित आवेदन भी जनदर्शन में प्रस्तुत किए गए।

इसी तरह ग्राम डोंगरीपाली, गोडमर्रा और सलडीह में सरपंच एवं सचिव द्वारा कराए गए कार्यों की जांच कर कार्रवाई करने, वन अधिकार पट्टा दिलाने तथा कथित रूप से गलत तरीके से दी गई अनुकंपा नियुक्ति के विरुद्ध प्रशासनिक कार्रवाई करने की मांग को लेकर भी आवेदन प्राप्त हुए।

सीईओ अनुपमा आनंद ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर कलेक्टर जगन्नाथ सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!