विकास नंद/सर्वव्यापी
शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र महासमुंद द्वारा शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मचेवा में रोजगार मेला एवं व्यावसायिक मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की 7 कंपनियों ने भाग लेकर कुल 344 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया आयोजित की। चयन प्रक्रिया के बाद 36 युवाओं का अंतिम रूप से चयन किया गया।रोजगार मेले के लिए कुल 346 युवाओं ने ऑनलाइन पंजीयन कराया था, जिनमें से 70 अभ्यर्थी उपस्थित होकर चयन प्रक्रिया में शामिल हुए। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, कौशल एवं अनुभव के आधार पर साक्षात्कार और दस्तावेजों का परीक्षण किया। इस दौरान 54 अभ्यर्थियों का प्रारंभिक चयन किया गया, जबकि विभिन्न चरणों की प्रक्रिया के बाद 36 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन हुआ।चयन प्रक्रिया में शामिल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने संबंधित पदों के लिए आवश्यक योग्यताओं एवं दस्तावेजों की जांच की। साथ ही पात्र अभ्यर्थियों को आगे की भर्ती प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी गई।इस अवसर पर प्रभारी जिला रोजगार अधिकारी एवं उपसंचालक डॉ. शशि अतुलकर ने कहा कि रोजगार मेला शिक्षित बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र की कंपनियों से सीधे जोड़ने का एक महत्वपूर्ण मंच है। ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार प्राप्त करने के अवसर मिलते हैं। उन्होंने महाविद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों को कैरियर मार्गदर्शन, उच्च शिक्षा के अवसरों तथा आगामी रोजगार मेलों के संबंध में भी जानकारी दी। साथ ही निजी कंपनियों में भर्ती और विभिन्न शासकीय नियुक्ति प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से बताया।कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रीता पाण्डे, डॉ. मालती तिवारी, राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष, अजय कुमार राजा, वाणिज्य विभागाध्यक्ष एवं रोजगार संयोजक दिलीप कुमार बढ़ाई, सह-संयोजक डॉ. नीलम अग्रवाल, अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष सहित अन्य प्राध्यापकगण उपस्थित रहे।रोजगार मेले के माध्यम से 36 युवाओं का अंतिम चयन जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए सकारात्मक पहल है।



