
विकास नंद/सर्वव्यापी
महासमुंद जिले की सिंघोड़ा पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लावारिस खड़ी बलेनो कार से 52.990 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए कार की पिछली सीट और रूफ में विशेष गुप्त चेंबर बनाकर गांजा छिपा रखा था। पुलिस ने गांजा, कार और दो मोबाइल सहित करीब 29.51 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी जानकारी के अनुसार, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देश पर जिलेभर में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी दौरान सिंघोड़ा पुलिस को सूचना मिली कि ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर बलेनो कार क्रमांक OD 02 BF 1327 में गांजे की बड़ी खेप लाई जा रही है।सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने एनएच-53 स्थित रेहटीखोल में नाकाबंदी की। जांच के दौरान चेकिंग प्वाइंट से लगभग 100 मीटर पहले संदिग्ध बलेनो कार लावारिस हालत में खड़ी मिली।
वाहन की तलाशी लेने पर कार की पिछली सीट और छत में बनाए गए गुप्त चेंबर से 52.990 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 26.48 लाख रुपये, बलेनो कार की कीमत 3 लाख रुपये तथा दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। कुल जब्त संपत्ति का मूल्य 29.51 लाख रुपये आंका गया है।
सिंघोड़ा थाना पुलिस ने फरार वाहन चालक के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश जारी है तथा मामले की विस्तृत विवेचना की जा रही है।




