विकास नंद/सर्वव्यापी
महासमुंद देश की सीमाओं पर तैनात वीर सैनिकों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और स्नेह व्यक्त करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ में “ऑपरेशन सिपाही रक्षा सूत्र” अभियान-2026 चलाया जा रहा है। महिला एवं बाल विकास विभाग तथा समाज कल्याण विभाग के सहयोग से संचालित इस राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत सैनिकों के लिए राखी, शुभकामना पत्र और विजय तिलक हेतु छत्तीसगढ़ की पावन मिट्टी एकत्रित की जाएगी।जिला कार्यक्रम अधिकारी टिक्वेंद्र जटवार ने बताया कि पूर्व सैनिक महासभा के माध्यम से संचालित इस गैर-राजनीतिक अभियान के तहत संग्रहित सामग्री भारतीय सेना मुख्यालय, नई दिल्ली तक पहुंचाई जाएगी, जहां से इसे देश की सीमाओं पर तैनात जवानों तक भेजा जाएगा।महिला एवं बाल विकास विभाग ने जिले की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं, स्कूल-कॉलेज की छात्राओं, धार्मिक संगठनों तथा सभी नागरिकों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। अभियान के तहत प्रत्येक व्यक्ति एक छोटे लिफाफे में स्वनिर्मित राखी या मौली धागा, सैनिक भाई के नाम शुभकामना पत्र (जिसमें अपना नाम, पता एवं मोबाइल नंबर अवश्य लिखें) तथा विजय तिलक के लिए छत्तीसगढ़ की एक चुटकी पावन मिट्टी रखकर रक्षा-सूत्र तैयार कर सकता है।तैयार किए गए रक्षा-सूत्र के लिफाफे 30 जुलाई 2026 तक अपने निकटतम आंगनबाड़ी केंद्र, एकीकृत बाल विकास परियोजना कार्यालय या जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, महासमुंद कार्यालय में जमा किए जा सकते हैं।विभाग का कहना है कि यह छोटा-सा प्रयास देश की रक्षा में जुटे जवानों का मनोबल बढ़ाने के साथ उन्हें पूरे छत्तीसगढ़वासियों के स्नेह और सम्मान का संदेश भी पहुंचाएगा।




