
तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी
आर्य समाज बिलासपुर द्वारा संचालित दयानन्द पूर्व माध्यमिक शाला गोडपारा में शिक्षक दिवस समारोह उल्लासपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की।शाला की प्रधान पाठिका ममता दुबे ने बताया कि शिक्षक दिवस के अवसर पर छात्र-छात्राओं ने भाषण, कविता पाठ एवं मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम को आकर्षक बनाया। विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के योगदान को याद करते हुए उनके मार्गदर्शन और शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त प्राचार्य डॉ. अनीता सिंह रहीं। उन्होंने अपने उद्बोधन में शिक्षकों की भूमिका को समाज निर्माण की आधारशिला बताते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन, मेहनत और संस्कारों के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।इस अवसर पर शाला की शिक्षिकाओं का विद्यार्थियों द्वारा सम्मान किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन शाला की छात्राओं ने किया, जिसकी उपस्थित अतिथियों ने सराहना की।समारोह में आर्य समाज के प्रधान सुधीर आर्य, अजय गुप्ता, गायत्री गुप्ता, निधि गुप्ता, आचार्य मनीष, सुषमा अग्रवाल, सीता बरगाह, बबीता छिप्पी, रीता पाल, रीतू शर्मा, मनीषा यादव, रंजीता कैवर्त, सुसन्ना लकड़ा सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में पालकगण उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों और विद्यार्थियों ने शिक्षक दिवस की शुभकामनाओं के साथ समारोह का समापन किया।




