Newsछत्तीसगढ़बिलासपुर

तालाब में मगरमच्छ होने की आशंका से ग्रामीणों में दहशत, सूचना के बाद भी कार्रवाई का इंतजार।

तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी

बिलासपुर जिले के तखतपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत काठाकोनी में स्थित एक तालाब में मगरमच्छ होने की आशंका ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों का दावा है कि तालाब में मगरमच्छ देखा गया है, जिससे विशेषकर बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर भय का माहौल बना हुआ है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में वन विभाग को सूचना दे दी गई है, लेकिन खबर लिखे जाने तक मौके पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों ने भी बताया कि गांव के कुछ बच्चों ने तालाब में मगरमच्छ जैसा जीव देखा है। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को इसकी जानकारी दी, ताकि समय रहते जांच कर आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना के बावजूद अब तक न तो वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची है और न ही जिला प्रशासन की ओर से कोई पहल की गई है।गांव के लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में जलाशयों के आसपास बच्चों और ग्रामीणों की आवाजाही अधिक रहती है।

यदि तालाब में वास्तव में मगरमच्छ मौजूद है, तो यह किसी भी समय गंभीर हादसे का कारण बन सकता है। ऐसे में प्रशासन को इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच करानी चाहिए।

ग्रामीणों ने मांग की है कि वन विभाग की विशेषज्ञ टीम मौके पर पहुंचकर तालाब का निरीक्षण करे, मगरमच्छ होने की स्थिति में उसे सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर अन्य उपयुक्त स्थान पर छोड़ा जाए तथा तब तक तालाब के आसपास सुरक्षा संबंधी चेतावनी बोर्ड और आवश्यक एहतियाती व्यवस्था की जाए।

फिलहाल, खबर लिखे जाने तक वन विभाग या जिला प्रशासन की ओर से इस संबंध में किसी कार्रवाई की पुष्टि नहीं हो सकी है। ग्रामीण प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से पहले स्थिति स्पष्ट हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!