
तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी
छत्तीसगढ़ में पर्यटन, हरित विकास और रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा देने की दिशा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सिंगापुर दौरे को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री साय ने सिंगापुर के विश्वप्रसिद्ध गार्डन्स बाय द बे के अधिकारियों के साथ बैठक कर बागवानी, पर्यावरण संरक्षण, शहरी हरियाली और इको-टूरिज्म के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की।मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने गार्डन्स बाय द बे के जीएम, मास्टर प्लानिंग जेसन येओ और निदेशक लिम चियाप सॉन्ग के साथ मुलाकात की। बैठक में सिंगापुर के हरित विकास मॉडल और उसके अनुभवों को छत्तीसगढ़ में लागू करने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श हुआ।मुख्यमंत्री ने कहा कि गार्डन्स बाय द बे से मिलने वाली सीख नवा रायपुर में बॉटनिकल गार्डन विकसित करने और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बेहतर ग्रीन स्पेस तैयार करने में उपयोगी साबित होगी। इससे छत्तीसगढ़ में पर्यटन को नई दिशा मिलने के साथ पर्यटकों की संख्या बढ़ाने में मदद मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के सैकड़ों नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं।हरित विकास के साथ पर्यटन को बढ़ावाछत्तीसगढ़ अपनी प्राकृतिक संपदा, घने जंगलों, जैव विविधता, जलप्रपातों और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों के लिए जाना जाता है। ऐसे में आधुनिक ग्रीन स्पेस, आकर्षक बॉटनिकल गार्डन और बेहतर लैंडस्केपिंग के माध्यम से राज्य के पर्यटन स्थलों को और अधिक आकर्षक बनाने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है।गार्डन्स बाय द बे जैसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के मॉडल से सीख लेकर नवा रायपुर में विकसित होने वाला बॉटनिकल गार्डन केवल हरियाली का केंद्र नहीं, बल्कि पर्यटन, पर्यावरण शिक्षा, मनोरंजन और रोजगार का नया केंद्र बन सकता है। इससे स्थानीय कारोबार, पर्यटन सेवाओं और इससे जुड़े विभिन्न क्षेत्रों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।सिंगापुर से निवेश और विकास का नया कनेक्शनमुख्यमंत्री साय का सिंगापुर दौरा केवल पर्यटन और हरित विकास तक सीमित नहीं है। वे SING Forum 2026 में भी भाग ले रहे हैं, जहां छत्तीसगढ़ की निवेश संभावनाओं और विकास के अवसरों को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के समक्ष रखा जा रहा है। मुख्यमंत्री निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर प्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा कर रहे हैं।सरकार का जोर छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक और औद्योगिक क्षमता को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने के साथ-साथ दुनिया के सफल विकास मॉडलों से सीख लेकर उन्हें प्रदेश की जरूरतों के अनुरूप लागू करने पर है।मुख्यमंत्री साय की गार्डन्स बाय द बे के अधिकारियों के साथ हुई बैठक को इसी दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। यदि सिंगापुर के हरित विकास और पर्यटन मॉडल का प्रभावी स्थानीयकरण होता है, तो नवा रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण और रोजगार के क्षेत्र में नए अवसरों का विस्तार हो सकता है।



