विकास नंद/ सर्वव्यापी

छत्तीसगढ़ शासन के जेल विभाग ने प्रदेश की पांच जिला जेलों की निगरानी के लिए 26 अशासकीय संदर्शकों की नियुक्ति की है। 17 नवंबर को जारी अधिसूचना के तहत महासमुंद जिला जेल की निगरानी समिति में पांच सदस्यों को शामिल किया गया है।
इनमें सरायपाली निवासी स्वर्ण सिंह सलूजा को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी सदस्यों का कार्यकाल तीन वर्ष निर्धारित किया गया है।
जारी सूची के अनुसार गरियाबंद जिला जेल में तीन, बलौदाबाजार में चार, धमतरी में पांच, रायपुर में नौ और महासमुंद जिला जेल में पांच अशासकीय संदर्शकों की नियुक्ति की गई है। जेल विभाग ने इन सदस्यों का चयन उनकी सामाजिक सक्रियता, सेवा भावना और जनहित के कार्यों में रुचि को ध्यान में रखते हुए किया है।
जेल की व्यवस्थाओं का कर सकेंगे निरीक्षण
छत्तीसगढ़ कारागार नियम, 1968 के नियम 815 (1) के तहत गठित इस समिति के सदस्यों को जेल की गतिविधियों और व्यवस्थाओं पर निगरानी रखने की जिम्मेदारी दी गई है। इसके तहत वे समय-समय पर जेल का निरीक्षण कर सकेंगे तथा वहां उपलब्ध सुविधाओं, व्यवस्थाओं और अन्य गतिविधियों का जायजा ले सकेंगे।
जेल विभाग के उप सचिव डॉ. विवेक श्रीवास ने पांच जिलों के लिए चयनित 26 अशासकीय संदर्शकों की सूची राजपत्र में प्रकाशन हेतु शासकीय क्षेत्रीय मुद्रणालय, नवा रायपुर भेजी है।इस नियुक्ति से जेल प्रशासन की व्यवस्थाओं की निगरानी में सामाजिक सहभागिता बढ़ने के साथ ही पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूती मिलने की उम्मीद है।




