
विकास नंद/सर्वव्यापी
छत्तीसगढ़ के शासकीय एवं स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में शिक्षकीय पदों पर बड़े पैमाने पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो गई है। कुल 6,812 शिक्षकीय पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें शासकीय विद्यालयों के 5,000 नियमित पद तथा स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों के 1,812 संविदा पद शामिल हैं।
लोक शिक्षण संचालनालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 5,000 नियमित शिक्षकीय पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल के माध्यम से आयोजित की जाएगी। इनमें सहायक शिक्षक के 2,292, सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) के 200, शिक्षक के 1,654 तथा व्याख्याता के 854 पद शामिल हैं। कुल पदों में ई-संवर्ग के 2,227 और टी-संवर्ग के 2,773 पद हैं।
तीन भर्ती परीक्षाओं की तारीख तय
घोषित कार्यक्रम के अनुसार सहायक शिक्षक पद की लिखित परीक्षा 11 अक्टूबर 2026, शिक्षक पद की परीक्षा 25 अक्टूबर 2026 तथा व्याख्याता पद की परीक्षा 29 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) पद की परीक्षा तिथि अभी निर्धारित नहीं की गई है।सहायक शिक्षक एवं शिक्षक पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। वहीं व्याख्याता पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।
आत्मानंद स्कूलों में 1,812 संविदा पदों पर भर्ती
स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में 1,812 संविदा शैक्षणिक पदों पर भी भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए पहली बार केंद्रीकृत कंप्यूटर आधारित भर्ती परीक्षा आयोजित करने की तैयारी है। भर्ती अधिसूचना सितंबर माह में जारी की जा रही है, जबकि ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया अक्टूबर से शुरू किए जाने की तैयारी है।
सरकार की ओर से कहा गया है कि शासकीय एवं उत्कृष्ट विद्यालयों में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से इन 6,812 शिक्षकीय पदों पर भर्ती की जा रही है।



