GPMNewsछत्तीसगढ़

चावल गोदाम में कलेक्टर विजय दयाराम की पैनी नजर, लक्ष्य के अनुरूप भंडारण पूरा करने के निर्देश, हमालों से संवाद कर जानीं कामकाज और सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं।

नूर मोहम्मद,जिला ब्यूरो चीफ,गौरेला-पेंड्रा-मरवाही

(सर्वव्यापी)। धान की मिलिंग के बाद चावल जमा कराने और उसके सुरक्षित एवं व्यवस्थित भंडारण की व्यवस्था को लेकर कलेक्टर विजय दयाराम के. ने पेंड्रा स्थित नागरिक आपूर्ति निगम के चावल गोदाम का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने गोदाम में उपलब्ध चावल के स्टॉक, लॉट जमा होने की स्थिति तथा भंडारण से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर विजय दयाराम के. ने मिलर्स द्वारा धान की मिलिंग के बाद नागरिक आपूर्ति निगम में जमा कराए जा रहे चावल की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने जिला विपणन अधिकारी को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप चावल जमा कराने की प्रक्रिया में तेजी लाने और तय समय-सीमा के भीतर लक्ष्य पूरा करना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि चावल जमा कराने से लेकर उसके भंडारण तक की पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित, सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से संचालित हो। उन्होंने उपलब्ध स्टॉक और प्रतिदिन जमा हो रहे चावल की नियमित निगरानी करने तथा लक्ष्य की पूर्ति में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरतने पर जोर दिया।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मिलर्स के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करते हुए चावल जमा कराने की गति बढ़ाने और प्रगति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि भंडारण व्यवस्था में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो तथा गोदाम में उपलब्ध चावल का सुरक्षित और व्यवस्थित रख-रखाव सुनिश्चित किया जाए।

हमालों से किया आत्मीय संवाद

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने गोदाम में कार्यरत हमालों से भी आत्मीय संवाद किया। उन्होंने हमालों से उनके कामकाज, कार्यस्थल पर उपलब्ध सुविधाओं तथा काम के दौरान सामने आने वाली समस्याओं के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली।निरीक्षण के अवसर पर नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधक धनंजय मदनकर एवं जिला विपणन अधिकारी हरीश शर्मा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!