Newsछत्तीसगढ़

गड्ढों में तब्दील सड़कों पर उठे सवाल, मंत्री के पैर में फ्रैक्चर, गड्ढों से भरी सड़कों पर यादव ने सरकार को घेरा.

तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी

छत्तीसगढ़ में सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं बिलासपुर लोकसभा के पूर्व सांसद प्रत्याशी धनीराम यादव ने शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के पैर में भी गड्ढे के कारण गिरने से फ्रैक्चर हुआ है। इस घटना का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि जब प्रदेश के मंत्री ही खराब सड़कों की समस्या से प्रभावित हो रहे हैं, तो आम जनता की परेशानी का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।धनीराम यादव ने कहा कि प्रदेश के अनेक क्षेत्रों में सड़कें गड्ढों से भरी हुई हैं। इसके कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है, लेकिन शासन-प्रशासन इस गंभीर समस्या पर अपेक्षित ध्यान नहीं दे रहा है। उन्होंने कहा कि सड़कों की मरम्मत और निर्माण सरकार की जिम्मेदारी है। न्यायालय द्वारा भी सड़कों की बदहाली को लेकर चिंता जताए जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है।उन्होंने कहा कि वर्तमान में नवरात्रि का पर्व चल रहा है। इसके बाद दीपावली, छठ पूजा और अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान लोगों का आवागमन बढ़ जाता है। ऐसे में सड़कों के गड्ढे दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं। सरकार को तत्काल प्रभाव से सड़कों की मरम्मत कराने और गड्ढों को भरने के निर्देश देने चाहिए, ताकि आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।धनीराम यादव ने बिजली व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि कई क्षेत्रों में अंधकार की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने संबंधित विभाग से बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की। साथ ही स्मार्ट मीटर के नाम पर कथित अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए कहा कि उपभोक्ताओं से राशि लेने के बावजूद उन्हें अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। उन्होंने सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।धनीराम यादव ने शासन-प्रशासन से जनसमस्याओं का तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सड़कों की मरम्मत और मूलभूत सुविधाओं में सुधार के लिए जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो जनता को साथ लेकर सड़क पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!