
राशन कार्ड की दिक्कतों पर अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश
विकास नंद/ सर्वव्यापी

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सरायपाली विकासखंड के ग्राम भोथलडीह में आयोजित सेवा सेतु शिविर का कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में पहुंचे ग्रामीणों और हितग्राहियों से सीधे संवाद कर विभिन्न विभागों द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली। इस दौरान नवीन राशन कार्ड बनवाने में आ रही दिक्कतों को लेकर महिलाओं ने अपनी समस्याएं कलेक्टर के समक्ष रखीं, जिन्हें उन्होंने गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर लंगेह ने कहा कि सेवा सेतु शिविर का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाना तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिविर में आने वाले नागरिकों की समस्याओं को केवल दर्ज करने तक सीमित न रखा जाए, बल्कि पात्रता के अनुरूप आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर उन्हें योजनाओं से जोड़ा जाए।
राशन कार्ड और खाद्य योजनाओं की दी गई जानकारी
शिविर में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस), राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम तथा राज्य खाद्य योजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राशन कार्ड से संबंधित प्रक्रियाओं, पात्रता शर्तों, आवश्यक दस्तावेजों तथा हितग्राहियों के अधिकारों की जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध कराई।इस दौरान ई-केवायसी, आधार सीडिंग सहित राशन कार्ड से संबंधित विभिन्न सेवाओं का लाभ हितग्राहियों को दिया गया। नए राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया तथा आवेदन में आवश्यक दस्तावेजों और पात्रता संबंधी जानकारी भी दी गई।
सेवा ही संकल्प—सरला कोसरिया

शिविर में राज्य महिला आयोग की सदस्य सरला कोसरिया ने कहा कि जन-जन की सेवा, उनकी समस्याओं का समाधान और हर सुख-दुःख में साथ निभाना ही उनका संकल्प है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा अपनी समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखने की अपील की।
विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को सामग्री वितरण
सेवा सेतु शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित महत्वाकांक्षी एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत हितग्राहियों को किट का वितरण किया गया। इसके साथ ही गर्भवती महिलाओं के लिए गर्भ संस्कार कार्यक्रम आयोजित किया गया तथा वरिष्ठजनों का सम्मान किया गया। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गई।सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की योजनाओं की पहुंच बढ़ाने, पात्र हितग्राहियों की पहचान करने और उन्हें आवश्यक सेवाओं से जोड़ना रहा।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत की गई है, जिसके अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में जनकल्याणकारी गतिविधियों और रोजगार सहित विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया जा रहा है।
शिविर में जनप्रतिनिधियों के साथ नवपदस्थ एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित विकासखंड के विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण और हितग्राही उपस्थित रहे।




