NewsGPMछत्तीसगढ़

लंबित प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : कलेक्टर विजय दयाराम के।

नूर मोहम्मद,जिला ब्यूरो चीफ,गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (सर्वव्यापी)

जिले में जनसमस्याओं और जनशिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण को लेकर कलेक्टर विजय दयाराम के. ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि विभिन्न पोर्टलों और माध्यमों पर लंबित प्रकरणों का गंभीरता से परीक्षण कर समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निराकरण में केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि आवेदक की समस्या का वास्तविक समाधान प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।

कलेक्टर ने साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में विभागवार जनसमस्याओं एवं शिकायतों के निराकरण की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन, मुख्यमंत्री जन शिकायत, मुख्यमंत्री निवास जनदर्शन और कलेक्टर जनसुनवाई में प्राप्त प्रकरणों को प्राथमिकता के साथ निराकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि लंबित मामलों में अनावश्यक विलंब न हो और प्रत्येक प्रकरण में की गई कार्रवाई परिणाममूलक एवं गुणवत्तापूर्ण हो।

पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे योजनाओं का लाभ

कलेक्टर विजय दयाराम के. ने कहा कि शासन की योजनाओं एवं कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करते हुए समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

किसानों से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

बैठक में कलेक्टर ने डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने एग्रीस्टेक बकेट्स क्लेम तैयार करने तथा किसान पंजीयन कार्य में अपेक्षित प्रगति लाने कहा। कलेक्टर ने अधिकारियों को विशेष रूप से निर्देशित किया कि किसानों से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न हो और पात्र किसानों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

स्वास्थ्य सुविधाओं और भर्ती प्रक्रिया की भी समीक्षा

कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय में स्वीकृत विभिन्न निर्माण एवं अन्य कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग में संविदा पदों पर भर्ती के लिए प्राप्त दावा-आपत्तियों का नियमानुसार निराकरण कर अंतिम चयन सूची जिले की वेबसाइट पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए।

स्कूलों में जरूरी मरम्मत कार्य प्राथमिकता से कराने कहा

विद्यार्थियों की सुरक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने स्कूलों में अति आवश्यक मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि विद्यालय भवनों की आवश्यकताओं का परीक्षण कर जरूरी कार्यों में अनावश्यक विलंब न किया जाए।

सड़कों और राजस्व अभिलेखों को दुरुस्त करने पर जोर

कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग की परियोजनाओं के लिए नव अधिग्रहीत भूमियों के नामांतरण की कार्रवाई शीघ्र पूर्ण कराने तथा राजस्व अभिलेखों में मौजूदा सड़कों और आम रास्तों को अद्यतन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व अभिलेख दुरुस्त रहने से शासकीय निर्माण एवं विकास कार्यों के दौरान भविष्य में किसी प्रकार की राजस्व संबंधी समस्या उत्पन्न नहीं होगी।

बैगा-गुनिया समुदाय के लिए कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश

कलेक्टर ने जिले के बैगा-गुनिया समुदाय के लिए कार्यशाला आयोजित कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से संरक्षित एवं पारंपरिक ज्ञान से जुड़े समुदायों तक शासन की योजनाओं और आवश्यक विषयों की जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाए, ताकि वे उपलब्ध सुविधाओं और योजनाओं का बेहतर लाभ उठा सकें।

मेडिकल दुकानों में सीसीटीवी की स्थिति की मांगी जानकारी

बैठक में कलेक्टर ने जिले की सभी मेडिकल दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की स्थिति की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक जानकारी संकलित कर प्रस्तुत करने कहा।

समय-सीमा बैठक में कलेक्टर विजय दयाराम के. ने विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ कार्य करना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!