
विकास नंद/ सर्वव्यापी
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने मंगलवार को आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों, शासकीय योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, रवि साहू सहित सभी एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायत सीईओ, सीएमओ एवं जिला स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।कलेक्टर लंगेह ने बारिश से क्षतिग्रस्त एवं मरम्मत योग्य सड़कों की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को चिन्हांकित सड़कों का निरीक्षण कर शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवागमन की सुविधा और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मरम्मत कार्य में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों का समय पर हो निराकरण
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों सहित मैदानी स्तर पर नागरिकों को हेल्पलाइन की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। अधिकारियों को पोर्टल पर नियमित लॉगिन कर लंबित शिकायतों की वास्तविक स्थिति की जांच करते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया।
बाल संप्रेषण गृह की व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी
कलेक्टर ने बाल संप्रेषण गृह की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए बच्चों की सुरक्षा, भोजन, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के साथ ही जिन बच्चों के आधार कार्ड नहीं बने हैं, उनका चिन्हांकन कर 30 सितंबर तक पंजीयन पूरा कराने को कहा। इसके लिए शिक्षा विभाग से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
वीबीजी-रामजी कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
बैठक में वीबीजी-रामजी ग्रामीण रोजगार से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने ग्राम पंचायतों में स्वीकृत कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कर गुणवत्ता के साथ समय पर पूर्ण कराने तथा ग्रामीणों को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
संस्थागत एग्रीस्टेक पंजीयन को दें प्राथमिकता
किसानों से संबंधित एग्रीस्टेक पंजीयन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संस्थागत पंजीयन को प्राथमिकता से पूर्ण कराने को कहा। उन्होंने राजस्व विभाग को किसानों से संपर्क कर आवश्यक जानकारी एवं दस्तावेज उपलब्ध कराने में सहयोग करने के निर्देश दिए। साथ ही डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिले के सभी गांवों में सर्वे कार्य प्रारंभ कराने तथा शेष कार्यों को विशेष टीम लगाकर समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। पटवारियों को सर्वे किए गए प्लॉट का अप्रूवल शीघ्र करने कहा गया।
आवारा पशुओं पर कार्रवाई, मालिकों पर अर्थदंड के निर्देश
सड़कों पर आवारा पशुओं से होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए कलेक्टर ने नगरीय निकायों और पंचायत स्तर पर नियमित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने आवारा पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और पशु मालिकों को जागरूक करने के साथ समझाइश के बाद भी मवेशियों को खुला छोड़ने वालों पर कार्रवाई एवं अर्थदंड सुनिश्चित करने को कहा।कलेक्टर ने सभी नगरीय निकायों में स्वच्छता पर विशेष ध्यान देते हुए प्रतिदिन कचरा उठाव एवं निपटान सुनिश्चित करने तथा सामुदायिक शौचालयों को साफ रखने के निर्देश भी दिए।
बैठक में न्यायालयीन प्रकरणों में समय पर जवाबदावा प्रस्तुत करने, सुशासन तिहार, कलेक्टर जनदर्शन, पीजी पोर्टल, लोक सेवा गारंटी अधिनियम एवं जनशिकायतों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर लंगेह ने अधिकारियों से कहा कि समय-सीमा की बैठकों में दिए गए निर्देशों का गंभीरता से पालन करें और प्रत्येक कार्य की नियमित समीक्षा करते रहें। उन्होंने कहा कि प्रशासन की कार्यप्रणाली में समयबद्धता, पारदर्शिता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा जनहित से जुड़े मामलों का संवेदनशीलता के साथ निराकरण सुनिश्चित किया जाए।



