
विकास नंद/सर्वव्यापी

उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत रविवार, 27 सितंबर 2026 को विकासखंड सरायपाली में राष्ट्रव्यापी महापरीक्षा अभियान आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य नवसाक्षरों के बुनियादी साक्षरता कौशल एवं ज्ञान का आकलन करते हुए उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना रहा।
विकासखंड सरायपाली में आयोजित महापरीक्षा के लिए 17 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां कुल 218 परीक्षार्थियों ने उत्साहपूर्वक परीक्षा दी। इनमें 163 महिलाएं और 55 पुरुष शामिल रहे। परीक्षार्थियों ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत परीक्षा में शामिल होकर अपनी साक्षरता संबंधी दक्षताओं का प्रदर्शन किया।
बीईओ और बीआरसीसी ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
महापरीक्षा के दौरान शासकीय प्राथमिक शाला डुडुमचुवां स्थित परीक्षा केंद्र का विकासखंड शिक्षा अधिकारी टी.सी. पटेल एवं विकासखंड स्रोत समन्वयक (बीआरसीसी) देवानंद नायक ने निरीक्षण किया। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए परीक्षा के सुचारू एवं व्यवस्थित संचालन का अवलोकन किया। साथ ही परीक्षार्थियों की उपस्थिति एवं परीक्षा प्रक्रिया की जानकारी ली।
उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के माध्यम से असाक्षर वयस्कों को बुनियादी शिक्षा एवं साक्षरता से जोड़ने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। राष्ट्रव्यापी महापरीक्षा अभियान इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाने वाली महत्वपूर्ण पहल है।




