
विकास नंद/ सर्वव्यापी
ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एएनटीएफ और थाना सांकरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से 37.300 किलोग्राम अवैध गांजा, दो कार और 6 मोबाइल फोन समेत कुल 17 लाख 10 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए जिले में लगातार वाहन चेकिंग और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी की जा रही है। इसी दौरान सांकरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक क्रेटा कार और सफेद रंग की स्विफ्ट कार में ओडिशा से गांजा लाकर सांकरा के रास्ते रायपुर की ओर ले जाया जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बल्दीड़ीह चौक, एनएच-53 रोड सांकरा के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की निगरानी शुरू की। मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार दोनों वाहन वहां पहुंचे, जिन्हें पुलिस ने रोककर चालक एवं सवार लोगों से पूछताछ की। तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से करीब 37.300 किलो गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 7 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है, जब्त किया। इसके अलावा गांजा परिवहन में प्रयुक्त एक क्रेटा कार कीमत 6 लाख रुपये, एक स्विफ्ट कार कीमत 3 लाख रुपये तथा 6 मोबाइल फोन कीमत करीब 70 हजार रुपये जब्त किए गए।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में महेंद्र पटेल उर्फ रितेश, टिके लाल मांझी उर्फ टिक्कू, सुमित शर्मा, देवेंद्र पटेल उर्फ दीपेश, गितेश नायक, नवसागर पटेल उर्फ नूतन और मंसुर खान को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी महासमुंद जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ओडिशा के सोनपुर क्षेत्र से गांजा लाकर स्थानीय क्षेत्र में खपाने की योजना में थे। मामले में थाना सांकरा में अपराध क्रमांक 160/26 के तहत नारकोटिक्स एक्ट की धारा 20(बी) में अपराध दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस द्वारा तस्करी के स्रोत और गंतव्य तक पहुंचने वाले नेटवर्क की जानकारी जुटाने के साथ ही वित्तीय पहलुओं की भी जांच की जा रही है।




