
तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर प्रत्युषा फाउंडेशन, रायपुर (छत्तीसगढ़) द्वारा वनवासी विकास समिति के शबरी कन्या आश्रम में देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां भारती के तैलीय चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर तथा दो मिनट का मौन रखकर कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए की गई।प्रत्युषा फाउंडेशन की संस्थापिका प्रीति दास मिश्रा ने कारगिल विजय दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्ष 1999 में लद्दाख की लगभग 18 हजार फीट ऊंची बर्फीली पहाड़ियों पर भारतीय सेना ने अदम्य साहस, त्याग और राष्ट्रनिष्ठा का परिचय देते हुए दुश्मनों को परास्त किया। मातृभूमि की रक्षा करते हुए 527 वीर सैनिकों ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश का गौरव बढ़ाया, जिनका बलिदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।कार्यक्रम में संस्था की सहकोषाध्यक्ष शशि यादव ने कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों के शौर्य और बलिदान की जानकारी छात्राओं को दी। इसके पश्चात संस्था की सांस्कृतिक उपाध्यक्ष अर्चना वोरा ने चित्रकला प्रतियोगिता के नियमों की जानकारी देते हुए प्रतियोगिता में उपयोग होने वाली सभी आवश्यक सामग्री छात्राओं को उपलब्ध कराई। प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में देशप्रेम, राष्ट्रभक्ति एवं सृजनात्मक प्रतिभा का विकास करना रहा।प्रत्युषा फाउंडेशन की ओर से सभी प्रतिभागी छात्राओं को चित्रकला सामग्री निःशुल्क प्रदान की गई। प्रतियोगिता के समापन पर सभी बच्चों को उपहार स्वरूप फ्रेंडशिप बैंड एवं स्वल्पाहार वितरित किया गया। छात्रावास की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतियोगिता में भाग लेकर आकर्षक चित्रों के माध्यम से अपने देशप्रेम की भावना को अभिव्यक्त किया।कार्यक्रम में संस्था की सांस्कृतिक उपाध्यक्ष अर्चना वोरा, सहकोषाध्यक्ष शशि यादव, माधवी जोशी वशिष्ठ, वनवासी विकास समिति की सलाहकार संगीता चौबे, प्रांत छात्रावास प्रमुख अस्मिता नोनिसा, त्रिशा सुजाकी, रिक्मी, जाह्नवी सहित अन्य सदस्य एवं छात्रावास की सभी छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रभक्ति के उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।



