Newsछत्तीसगढ़

पंचायत से राष्ट्रीय नेतृत्व तक रूपकुमारी चौधरी का सफर, महिला मोर्चा की कमान मिलने पर बोलीं—यह भाजपा में ही संभव, छत्तीसगढ के लिए गौरव।

विकास नंद/ सर्वव्यापी

भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने के बाद छत्तीसगढ़ पहुंचीं सांसद रूपकुमारी चौधरी ने मीडिया से बातचीत में अपने राजनीतिक सफर, संगठन में महिलाओं की भूमिका और प्रदेशभर में हुए भव्य स्वागत को लेकर विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी खूबसूरती यही है कि यहां एक साधारण कार्यकर्ता को भी संगठन में राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारी निभाने का अवसर मिलता है।

रूपकुमारी चौधरी ने अपने राजनीतिक सफर को याद करते हुए कहा कि पंचायत स्तर से शुरू हुई उनकी यात्रा भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष तक पहुंची है। उन्होंने इसे पार्टी की कार्यकर्ता आधारित व्यवस्था का उदाहरण बताते हुए कहा कि भाजपा में समर्पण और मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं के लिए आगे बढ़ने के अवसर मौजूद हैं।

शीर्ष नेतृत्व का जताया आभार

महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने पर रूपकुमारी चौधरी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के एक कार्यकर्ता को इतनी बड़ी राष्ट्रीय जिम्मेदारी मिलना पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।उन्होंने यह भी कहा कि वह छत्तीसगढ़ से भाजपा महिला मोर्चा की तीसरी राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। उनके मुताबिक यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि प्रदेश के हजारों-लाखों भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए गौरव का विषय है।

महिलाओं के आत्मसम्मान और स्वाभिमान को प्राथमिकता

महिलाओं के लिए अपनी प्राथमिकताओं पर बात करते हुए रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के आत्मसम्मान, स्वाभिमान और सुरक्षा के साथ-साथ उन्हें हर क्षेत्र में उचित अवसर देने की दिशा में लगातार कार्य हुआ है। आज महिलाएं राजनीति, शिक्षा, प्रशासन, खेल, उद्योग सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी मजबूत भागीदारी दर्ज करा रही हैं।उन्होंने कहा कि आने वाले समय में संगठन के माध्यम से महिलाओं की भागीदारी को और मजबूत करने, उन्हें नेतृत्व के लिए तैयार करने तथा भाजपा की विचारधारा से अधिक से अधिक महिलाओं को जोड़ने की दिशा में काम किया जाएगा।

रायपुर एयरपोर्ट से बसना तक दिखा कार्यकर्ताओं का उत्साह

रायपुर एयरपोर्ट से लेकर बसना तक हुए भव्य स्वागत को रूपकुमारी चौधरी ने भावुक कर देने वाला पल बताया। उन्होंने कहा कि बस्तर से सरगुजा और दुर्ग से बिलासपुर तक प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं ने जिस आत्मीयता, उत्साह और जोश के साथ उनका स्वागत किया, वह उनके लिए बेहद यादगार है।उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और महिला मोर्चा की बहनों का आभार जताते हुए कहा कि यह स्वागत उनके प्रति व्यक्तिगत स्नेह के साथ-साथ संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की ताकत को भी प्रदर्शित करता है।

भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद रूपकुमारी चौधरी की यह यात्रा अब छत्तीसगढ़ की क्षेत्रीय राजनीति से आगे राष्ट्रीय संगठन के पटल पर प्रदेश की आवाज और महिला शक्ति को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!