
विकास नंद/ सर्वव्यापी
राष्ट्रव्यापी सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को महासमुंद जिले में आयोजित होने वाले ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। जिला स्तरीय मुख्य आयोजन महासमुंद के अटल परिसर में होगा।कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इसी कड़ी में प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ अनुपमा आनंद ने बुधवार को अटल परिसर पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया।सीईओ ने दीप प्रज्ज्वलन, बैठक व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था सहित आयोजन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम में आमजन की सहभागिता को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, यातायात, पेयजल, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। अधिकारियों को आयोजन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए।17 सितंबर को आयोजित होने वाले ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत जिलेभर में विभिन्न प्रमुख स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।




