नूर मोहम्मद, जिला ब्यूरो चीफ, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही(सर्वव्यापी)

जिले में जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (JNVST) 2027 शनिवार, 28 नवंबर को निर्धारित नौ परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान कहीं से भी अव्यवस्था की स्थिति सामने नहीं आई। जिला प्रशासन द्वारा गठित निरीक्षण दल ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और परीक्षा के सुचारु संचालन पर निगरानी रखी।
परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष निरीक्षण टीम गठित की थी। इस टीम में डिप्टी कलेक्टर देवेन्द्र सिरमौर, जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी, बालिका शिक्षा संकल्प अभियान एवं साक्षरता के नोडल अधिकारी आलोक शुक्ला तथा सरस्वती यादव शामिल रहे। निरीक्षण दल ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर परीक्षा संचालन की स्थिति का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था, प्रश्नपत्र वितरण, पर्यवेक्षण, अनुशासन एवं सुरक्षा संबंधी इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया। टीम ने परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं को नियमानुसार पाया तथा केंद्राध्यक्षों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। पूरी परीक्षा नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।
329 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले में जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा के लिए कुल 2095 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 1766 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 329 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार जिले में कुल उपस्थिति 84.30 प्रतिशत दर्ज की गई। परीक्षा में शामिल होने वालों में 830 बालक एवं 936 बालिकाएं शामिल रहीं।परीक्षा के सफल एवं व्यवस्थित संचालन में सभी परीक्षा केंद्रों के केंद्राध्यक्षों, पर्यवेक्षकों, शिक्षकों तथा पुलिस प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के समन्वित प्रयासों से जिले के सभी नौ केंद्रों पर चयन परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।




