विकास नंद/सर्वव्यापी

छत्तीसगढ़ में दैनिक वेतनभोगी वन कर्मचारियों के नियमितीकरण का मुद्दा एक बार फिर सुर्खियों में है। छत्तीसगढ़ दैनिक वेतनभोगी वन कर्मचारी संघ के लगातार विरोध और संघर्ष के बीच वनरक्षक भर्ती परीक्षा स्थगित कर दी गई है। इसे कर्मचारियों के आंदोलन के बीच महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।
छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल, रायपुर ने 13 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाली वनरक्षक पदों की द्वितीय स्तर की लिखित भर्ती परीक्षा (FDFG26) को स्थगित करने का आदेश जारी किया है। यह निर्णय प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वनबल प्रमुख, छत्तीसगढ़, नवा रायपुर के पत्र क्रमांक प्रशा. अराज. 1/320-9/6342, दिनांक 26 नवंबर 2026 के आधार पर लिया गया है।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ दैनिक वेतनभोगी वन कर्मचारी संघ लंबे समय से नियमितीकरण की मांग को लेकर संघर्ष कर रहा है। संघ का कहना है कि जन घोषणा पत्र में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को नियमित करने का वादा किया गया था, लेकिन सरकार बनने के बाद भी इस दिशा में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। इसके विपरीत पूर्ववर्ती कांग्रेस शासनकाल में शुरू की गई भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा था।
कर्मचारियों का सवाल है कि जब वन विभाग में वर्षों से दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी अपनी सेवाएं दे रहे हैं और जंगलों की सुरक्षा सहित विभागीय जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं, तो उनके नियमितीकरण की मांग को प्राथमिकता क्यों नहीं दी जा रही है? नई भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने से पहले वर्षों से कार्यरत कर्मचारियों के भविष्य पर सरकार को स्पष्ट निर्णय लेना चाहिए।
भर्ती परीक्षा स्थगित, लेकिन नियमितीकरण पर चुप्पी क्यों?
वनरक्षक भर्ती परीक्षा स्थगित होने के बाद अब सरकार की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। परीक्षा स्थगित करना एक प्रशासनिक निर्णय है, लेकिन इससे दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की नियमितीकरण संबंधी समस्या का समाधान नहीं हुआ है। कर्मचारियों को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जन घोषणा पत्र में किए गए वादे के अनुरूप ठोस कार्रवाई की अपेक्षा है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या सरकार वर्षों से सेवा दे रहे दैनिक वेतनभोगी वन कर्मचारियों को उनका अधिकार देकर नियमितीकरण का वादा पूरा करेगी, या फिर उन्हें अपने हक के लिए आगे भी आंदोलन और संघर्ष करना पड़ेगा?




