
तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा महाराष्ट्र में समाज सुधारक, महान विचारक एवं शिक्षाविद् महात्मा ज्योतिराव फुले की पुण्यतिथि पर शनिवार, 28 नवंबर को अभिवादन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने महात्मा ज्योतिराव फुले के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके सामाजिक योगदान का स्मरण किया।कार्यक्रम के प्रारंभ में विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा ने महात्मा ज्योतिराव फुले के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर अभिवादन किया। इसके पश्चात विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. सुरेंद्र गादेवार, कुलानुशासक डॉ. राकेश कुमार मिश्र, मुख्य छात्रावास अधीक्षक डॉ. राजीव रंजन राय, डॉ. एच. ए. हुनगुंद, डॉ. ओमप्रकाश भारती, डॉ. राजेश लेहकपुरे, डॉ. विपीन कुमार पाण्डेय, डॉ. संदीप सपकाले, डॉ. शैलेष कदम, डॉ. किरन कुंभरे, डॉ. अभिषेक सिंह, डॉ. रणंजय कुमार सिंह, डॉ. दत्तुराम देऊने, डॉ. धीरज मसराम तथा बी. एस. मिरगे सहित उपस्थित विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों ने पुष्प अर्पित कर महात्मा ज्योतिराव फुले को नमन किया।महात्मा ज्योतिराव फुले ने समाज में व्याप्त जातिगत भेदभाव, सामाजिक असमानता और रूढ़िवादी विचारों के विरुद्ध संघर्ष करते हुए समतामूलक समाज की स्थापना के लिए महत्वपूर्ण कार्य किया। उन्होंने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का प्रभावी माध्यम मानते हुए विशेष रूप से वंचित वर्गों तथा महिलाओं की शिक्षा के लिए उल्लेखनीय योगदान दिया। उनका जीवन और विचार सामाजिक न्याय, समानता, मानवता तथा शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हैं।पुण्यतिथि के अवसर पर विश्वविद्यालय परिवार ने महात्मा ज्योतिराव फुले के विचारों एवं आदर्शों के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए उनके सामाजिक सुधार और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों का स्मरण किया।



