तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी

बिलासपुर जिले के जनपद पंचायत बिल्हा के सभा कक्ष में आज स्थायी समिति शिक्षा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद अध्यक्ष रामकुमार कौशिक, जनपद शिक्षा समिति के सभापति एवं उपाध्यक्ष विक्रम सिंह सहित जनपद सदस्यों की उपस्थिति में शिक्षा की गुणवत्ता, सामान्य ज्ञान, विद्यार्थियों की प्रतियोगी तैयारी तथा विद्यालयों की नियमित मॉनिटरिंग पर विस्तार से चर्चा की गई।जनपद अध्यक्ष रामकुमार कौशिक ने बच्चों को परीक्षा की बेहतर तैयारी करने तथा बदलते समय के अनुरूप नई विधाओं और कौशलों को सीखने के लिए प्रेरित किया।शिक्षा समिति के सभापति विक्रम सिंह ने कहा कि ज्ञान-सभा सामान्य ज्ञान डेली सीरीज बिल्हा की एक अभिनव शैक्षणिक पहल है, जिसे जिला कलेक्टर द्वारा जिले के सभी विकासखंडों में लागू किया गया है। इसके अंतर्गत 1 जुलाई से प्रतिदिन व्हाट्सएप के माध्यम से सामान्य ज्ञान आधारित सामग्री विद्यालयों तक पहुंचाई जा रही है। इसका उद्देश्य बच्चों को पाठ्यक्रम के साथ सामान्य ज्ञान, समसामयिक घटनाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी तैयार करना है।उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक संकुल में कम से कम एक विद्यालय के बाहर आकर्षक ज्ञान की दीवार (वाल राइटिंग) विकसित की जाए। विद्यालयों के प्रिंट रिच वातावरण, दीवारों एवं ब्लैकबोर्ड पर ज्ञान-सभा डेली सीरीज के महत्वपूर्ण तथ्यों को प्रदर्शित किया जाए। बच्चों से प्रतिदिन इनका अभ्यास कराया जाए तथा मासिक मूल्यांकन भी किया जाए। विक्रम सिंह ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में नियमित मॉनिटरिंग की महत्वपूर्ण भूमिका है। संकुल समन्वयक केवल औपचारिक निरीक्षण तक सीमित न रहें, बल्कि बच्चों के सीखने के स्तर, सामान्य ज्ञान की प्रगति और शिक्षण गतिविधियों का वास्तविक आकलन करें। शिक्षकों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन दें। बिना प्रभावी मॉनिटरिंग के किसी भी शासकीय योजना का शत-प्रतिशत लाभ बच्चों तक नहीं पहुंच सकता।बैठक में बुक बैंक योजना का 100 प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पाठ्यपुस्तकों का कम से कम दो से तीन शैक्षणिक सत्रों तक उपयोग करने तथा सत्र समाप्ति पर पुस्तकें वापस लेकर सुरक्षित रखने की व्यवस्था करने पर जोर दिया गया। साथ ही कक्षा पांचवीं के शत-प्रतिशत बच्चों को जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा की तैयारी कराने के निर्देश दिए गए।बैठक में लखराम गांव की पहल का भी उल्लेख किया गया, जहां प्रतिदिन शाम 4 बजे सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया जाता है। इसे सामुदायिक सहभागिता और राष्ट्रभावना का प्रेरणादायी उदाहरण बताया गया। विक्रम सिंह ने घोषणा की कि आगामी शिक्षक दिवस पर जनपद पंचायत बिल्हा की ओर से प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक, हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य बच्चों को केवल किताबी ज्ञान देकर परीक्षा उत्तीर्ण कराना नहीं, बल्कि उनमें व्यवहारिक ज्ञान, सामान्य जागरूकता, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धी क्षमता विकसित करना है। ज्ञान-सभा, पाठ्यक्रम का अभ्यास, विभाग की योजना को सुचारू क्रियान्वयन, प्रभावी मॉनिटरिंग के समन्वय से बिल्हा के विद्यालयों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के आदर्श केंद्र बनाना है। इस मौके पर शिक्षा समिति के सदस्य संजय गौड़ , नेहा भारती, राम प्यारी करियाम, रजनी श्रीवास ,नरेश कुमार विकासखंड शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र कौशिक, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी, विकासखंड संकुल स्रोत समन्वयक ग्रामीण देवी प्रसाद चंद्राकर, वासुदेव पांडे, एवम सभी संकुलों के संकुल समन्वयक गण उपस्थित थे।




