
विकास नंद/ सर्वव्यापी
जिले में श्री अन्न (मिलेट्स) के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने और किसानों को प्राकृतिक एवं टिकाऊ खेती के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से 2 अगस्त 2026 को जिला पंचायत महासमुंद के सभाकक्ष में एक दिवसीय कार्यशाला एवं संवादात्मक सत्र का आयोजन किया जाएगा।
यह कार्यक्रम दोपहर 2:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक आयोजित होगा।कार्यशाला का विषय “स्वास्थ्य और टिकाऊ कृषि के लिए श्री अन्न (मिलेट्स) एक वरदान हैं” रखा गया है। इसमें देश के प्रसिद्ध कृषि विशेषज्ञ एवं ‘मिलेट्स मैन ऑफ इंडिया’ डॉ. खादर वली मुख्य वक्ता के रूप में किसानों से सीधे संवाद करेंगे। वे श्री अन्न की खेती, प्राकृतिक कृषि, पोषण सुरक्षा, जल संरक्षण, कम लागत वाली खेती तथा जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच मिलेट्स की उपयोगिता पर विस्तार से जानकारी देंगे।
यह आयोजन छत्तीसगढ़ राज्य कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष सुरेश कुमार चंद्रवंशी, छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम लिमिटेड के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग के संयुक्त समन्वय से किया जा रहा है।
जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग ने जिले के सभी किसानों, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) तथा कृषि क्षेत्र से जुड़े हितधारकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यशाला में शामिल होकर श्री अन्न आधारित खेती की आधुनिक तकनीकों एवं इसके आर्थिक, पोषण और पर्यावरणीय लाभों की जानकारी प्राप्त करने की अपील की है।




