Newsछत्तीसगढ़बिलासपुर

राज्य स्तरीय रोल प्ले प्रतियोगिता में पीएम श्री सेजेस कन्या शाला सरकंडा की छात्राओं ने मारी बाजी, राष्ट्रीय स्तर के लिए हुआ चयन।

तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी

एनसीईआरटी, नई दिल्ली के जनसंख्या शिक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत एससीईआरटी, रायपुर द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय रोल प्ले प्रतियोगिता में पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला सरकंडा की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस शानदार उपलब्धि के साथ विद्यालय की छात्राओं ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित कर लिया है। प्रतियोगिता में विद्यालय की प्रतिभाशाली छात्राएं पावनी महंत, कृतिका सोनी, दीपांजलि जायसवाल, काजल साहू एवं अनुष्का यादव ने प्रभावशाली अभिनय, सशक्त संवाद प्रस्तुति एवं उत्कृष्ट सामूहिक प्रदर्शन के माध्यम से निर्णायकों को प्रभावित किया और प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय सहित बिलासपुर जिले को गौरवान्वित किया। इस उपलब्धि के पीछे डॉ. प्रवीण मिश्रा का लेखन एवं निर्देशन तथा मार्गदर्शक शिक्षिका श्रीमती वंदना तांबे का विशेष योगदान रहा। उनके कुशल मार्गदर्शन, सतत अभ्यास एवं प्रभावी प्रशिक्षण ने छात्राओं की प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विद्यालय की प्राचार्य डॉ. गायत्री तिवारी के कुशल नेतृत्व एवं प्रेरणादायी मार्गदर्शन में छात्राओं ने विकासखंड, जिला, जोन एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में लगातार प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए अपनी सफलता का परचम लहराया। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर शिक्षा विभाग के संयुक्त संचालक श्री अश्वनी भारद्वाज, जिला शिक्षा अधिकारी संदीप पांडेय एवं सहायक जिला परियोजना अधिकारी आनंद पांडेय ने छात्राओं, प्राचार्य एवं पूरी टीम को बधाई देते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने छात्राओं की इस सफलता को विद्यालय एवं जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। छात्राओं की इस शानदार सफलता पर विद्यालय परिवार, शिक्षकों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, बिलासपुर जिले एवं छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने की उम्मीद जताई है। यह सफलता छात्राओं की प्रतिभा, शिक्षकों के समर्पण, शिक्षा विभाग के प्रोत्साहन और प्राचार्य के कुशल नेतृत्व का प्रेरणादायी उदाहरण है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!