Newsछत्तीसगढ़महासमुंद

मातम में डूबे परिवार के सूने मकान को चोरों ने बनाया निशाना, दो आरोपी गिरफ्तार, सिंघोड़ा पुलिस ने आरोपियों को भेजा जेल।

विकास नंद/ सर्वव्यापी

घर में पत्नी के निधन के बाद परिवार के साथ पैतृक गांव गए व्यक्ति के सूने मकान को चोरों ने निशाना बना लिया। चोर घर का ताला तोड़कर दो टीवी, सीसीटीवी सिस्टम और नकदी समेत कीमती सामान चोरी कर ले गए। मामले में सिंघोड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 32,780 रुपये की संपत्ति बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी तुलसीराम धृतलहरे (59 वर्ष), निवासी छुईपाली, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायपाली में खंड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। उनकी पत्नी शांतिबाई धृतलहरे का 15 अक्टूबर 2026 को रायपुर में निधन हो गया था। इसके बाद प्रार्थी अपने परिवार के साथ पैतृक गांव गर्रा, जिला बेमेतरा चले गए थे।

पत्नी के दशकर्म कार्यक्रम के बाद 11 नवंबर को शाम करीब 4:30 बजे जब वे छुईपाली स्थित अपने घर लौटे, तो मकान के सभी कमरों के ताले टूटे मिले। घर की तलाशी लेने पर टीवी, सीसीटीवी सिस्टम और नकदी सहित अन्य सामान गायब मिला। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सिंघोड़ा में अपराध क्रमांक 138/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) एवं 331(3) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर छुईपाली निवासी आकाश साव (21 वर्ष) और जोगेश्वर बरिहा (40 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 3 नवंबर 2026 की रात करीब 10 बजे पैसों के लालच में तुलसीराम धृतलहरे के सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी की थी।आरोपी आकाश साव की निशानदेही पर उसके घर से 43 इंच और 32 इंच के दो गूगल टीवी तथा नकदी बरामद की गई। वहीं, आरोपी जोगेश्वर बरिहा की निशानदेही पर सीसीटीवी डीवीआर और मॉनीटर बरामद किया गया। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से 2,780 रुपये नकद भी जब्त किए गए।पुलिस ने दोनों आरोपियों को 24 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

बरामद संपत्ति का विवरण :गूगल टीवी 43 इंच – 10,000 रुपये।गूगल टीवी 32 इंच – 8,000 रुपये।सीसीटीवी डीवीआर – 5,000 रुपये।सिम राउटर – 2,000 रुपये।सीसीटीवी मॉनीटर – 5,000 रुपये।नकदी रकम – 2,780 रुपये।कुल बरामद संपत्ति की कीमत 32,780 रुपये।इस कार्रवाई से सिंघोड़ा पुलिस ने चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!