विकास नंद/ सर्वव्यापी

जिलें में बिना वैध लाइसेंस के संचालित निजी अस्पतालों एवं नर्सिंग होम के खिलाफ जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। जिले में अवैध अस्पतालों के संचालन की मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा जांच एवं कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में कोमाखान स्थित आंचल नर्सिंग होम को नियमों का उल्लंघन और बिना वैध लाइसेंस के संचालन पाए जाने पर सील कर दिया गया है।
औचक निरीक्षण में सामने आई गंभीर लापरवाही
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) के निर्देश पर नर्सिंग होम एक्ट निरीक्षण दल ने आंचल नर्सिंग होम का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान अस्पताल में एक सिजेरियन ऑपरेशन (LSCS) का मरीज तथा एक नसबंदी (ट्यूबेक्टॉमी) की मरीज भर्ती मिली। हैरानी की बात यह रही कि निरीक्षण के समय अस्पताल में न तो कोई योग्य चिकित्सक मौजूद था और न ही प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ उपलब्ध था।
8 माह से बिना लाइसेंस चल रही थी ओपीडी
निरीक्षण दल द्वारा अस्पताल प्रबंधन से वैध पंजीयन एवं लाइसेंस संबंधी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन प्रबंधन कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। मौके पर दर्ज किए गए कथन के अनुसार, अस्पताल प्रबंधन ने स्वीकार किया कि पिछले 8 माह से बिना वैध दस्तावेज के ओपीडी संचालित की जा रही थी, जबकि पिछले 4 माह से मरीजों को भर्ती कर ऑपरेशन एवं उपचार का कार्य भी किया जा रहा था।
नोटिस के बाद नर्सिंग होम को किया गया सील
निरीक्षण दल ने जांच एवं पालन प्रतिवेदन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को सौंपा। मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब एवं वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आंचल नर्सिंग होम को विधिवत सील कर दिया।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों के स्वास्थ्य और जीवन से खिलवाड़ करने वाले अवैध अस्पतालों एवं बिना पंजीयन संचालित चिकित्सा संस्थानों के विरुद्ध जांच और कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि उपचार कराने से पहले अस्पताल का पंजीयन, चिकित्सकों की उपलब्धता और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी अवश्य लें।




