Newsछत्तीसगढ़महासमुंद

महासमुंद जिले में अवैध धान पर प्रशासन की दबिश, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमों ने अवैध भंडारण और परिवहन पर मंडी अधिनियम के तहत की कार्रवाई।

विकास नंद/ सर्वव्यापी

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने अवैध धान भंडारण और परिवहन के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश पर राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमें जिले की विभिन्न तहसीलों में लगातार जांच और निरीक्षण कर रही हैं। इसी कड़ी में 20 से 22 नवंबर तक कई स्थानों पर कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में धान जब्त किया गया है।

20 नवंबर : व्यापारियों और भंडारण स्थलों पर कार्रवाई

तहसील कोमाखान के ग्राम गांजर में मनोज चंद्राकर पिता त्रिभुवन एवं चूरामन पिता भगनानी द्वारा राजेश साहू पिता दशरथ साहू के घर में रखे गए 600 कट्टा अवैध धान को मंडी अधिनियम के तहत जब्त किया गया।इसी दिन धान उपार्जन केंद्र बम्हनी एवं बरोण्डा बाजार का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। यहां धान के स्टैक तिरपाल से ढके मिले। अधिकारियों ने समिति प्रबंधकों को पर्याप्त तिरपाल उपलब्ध रखने, उन्हें रस्सियों से मजबूती से बांधने तथा उपार्जन केंद्रों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।वहीं महासमुंद तहसील के ग्राम बम्हनी में फुटकर व्यापारी वीरेंद्र यादव पिता खिलावन यादव के यहां निर्धारित मात्रा से अधिक भंडारित 52.80 क्विंटल (132 कट्टा) धान जब्त किया गया।

21 नवंबर : सरायपाली, बसना, बागबाहरा और पिथौरा में दबिश

सरायपाली तहसील के ग्राम में प्रहलाद साहू के गोदाम से 100 कट्टा अवैध धान जब्त किया गया। बसना तहसील के ग्राम गेर्राभांठा में लोकेश नायक के पास से 40 कट्टा तथा ग्राम दुरुगपाली में पद्मलोचन प्रधान के पास से 50 कट्टा अवैध धान बरामद किया गया।इसी क्रम में खेमड़ा निवासी राकेश पांडे को पिकअप वाहन में 65 कट्टा धान का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर वाहन सहित धान को मंडी विभाग के सुपुर्द किया गया। बागबाहरा विकासखंड के ग्राम टोंगोपानी में योगेश साहू के पास से 50 कट्टा अवैध धान मिलने पर मंडी विभाग ने कार्रवाई की।एसडीएम महासमुंद आस्था बोरकर के नेतृत्व में मंडी सचिव पूरन सिंह कश्यप, खाद्य निरीक्षक सुशील शर्मा एवं मंडी उपनिरीक्षक अखिलेश राठिया की संयुक्त टीम ने ग्राम मरौद में मितेश्वर साहू के प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। यहां 60 कट्टा यानी 24 क्विंटल अवैध धान पाए जाने पर जब्ती की कार्रवाई की गई। टीम ने मरौद धान उपार्जन केंद्र का भी निरीक्षण किया।वहीं पिथौरा तहसील के ग्राम बाम्हनी में एसडीएम ने कृषक वी.के. अग्रवाल के निजी गोदाम का निरीक्षण किया। यहां रबी फसल का 300 पैकेट धान भंडारित पाया गया, जिसे जब्त करने की कार्रवाई की गई।

22 नवंबर : कोमाखान और सरायपाली में भी कार्रवाई जारी

कोमाखान तहसील के ग्राम कोमाखान में प्रशांत उर्फ मयंक चंद्राकर के गोदाम से रबी फसल का 150 कट्टा धान जब्त किया गया। ग्राम पतेरापाली में गोवर्धन पिता कपूर चंद साहू के घर से 75 कट्टा अवैध धान बरामद किया गया।इसी तरह ग्राम चिवराकुटा में वासुदेव पाढ़ी के गोदाम में रबी फसल का 350 बोरा धान भंडारित पाए जाने पर मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। सरायपाली तहसील के ग्राम डोंगराकछार में रुसबो बरिहा के घर से 55 कट्टा अवैध धान जब्त किया गया।

अवैध धान कारोबार पर प्रशासन की पैनी नजर

जिला प्रशासन द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में किसी भी प्रकार की अनियमितता रोकने के लिए उपार्जन केंद्रों, निजी गोदामों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और धान परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि अवैध भंडारण एवं परिवहन की सूचना मिलने पर तत्काल जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करें।लगातार तीन दिनों से चल रही इस कार्रवाई से अवैध धान भंडारण और परिवहन में संलिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!