Newsछत्तीसगढ़महासमुंद

जनदर्शन में कलेक्टर लंगेह ने सुनी आमजनों की समस्याएं, 58 आवेदनों पर त्वरित निराकरण के निर्देश।

विकास नंद/सर्वव्यापी

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं और मांगें गंभीरता से सुनीं। जनदर्शन में राजस्व, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, बिजली, सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित विभिन्न जनहित से जुड़े विषयों पर कुल 58 आवेदन प्राप्त हुए।

कलेक्टर लंगेह ने प्रत्येक आवेदन का अवलोकन करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवेदनों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण कर आम नागरिकों को राहत पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

जनदर्शन में महासमुंद विकासखंड के ग्राम खैरा की 70 वर्षीय गंगाबाई ने आदिम जाति विकास विभाग से आर्थिक सहायता की मांग की। उन्होंने बताया कि उनका जीवन-यापन बांस के बर्तन बनाकर बेचने से होता है, लेकिन इस वर्ष बांस उपलब्ध नहीं होने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति खराब हो गई है। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आदिम जाति विकास विभाग को आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए।

इसी तरह ग्राम कांपा निवासी उमेश कुमार तारक ने एग्रीस्टेक पंजीयन, ग्राम लाफिनकला निवासी सुखराम साहू ने शौचालय निर्माण की राशि, बागबाहरा विकासखंड के ग्राम देवरी निवासी राकेश चंद्राकर ने नया ट्रांसफार्मर स्थापित करने, ग्राम अरंड की पार्वती साहू ने गैस कार्ड में दर्ज आधार नंबर में सुधार, ग्राम सुखीडबरी निवासी मोहन लाल महोबिया ने फसल डूबने से हुई क्षति की मुआवजा राशि तथा बसना विकासखंड के ग्राम गिधली निवासी सुरेश अग्रवाल ने स्वेच्छानुदान मद से आर्थिक सहायता प्रदान करने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया।इसके अलावा नामांतरण, भूमि अतिक्रमण, पेंशन सहित अन्य मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सभी प्रकरणों का नियमानुसार परीक्षण कर समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, रवि साहू सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!