GPMNewsछत्तीसगढ़

शिक्षक समाज के वास्तविक शिल्पकार, उत्कृष्ट योगदान के लिए मिशन स्कूल के चार शिक्षक सम्मानित,शिक्षिका भावना आर्थर बोलीं – शिक्षक के लिए सबसे बड़ा पुरस्कार शिष्यों की सफलता और उनका सम्मान है।

नूर मोहम्मद ,जिला ब्यूरो चीफ, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही(सर्वव्यापी)

जिले में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों के सम्मान में संकल्प ग्रुप ऑफ कॉलेज द्वारा गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले की विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं के उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित कर उनके समर्पण, सेवाभाव और शिक्षा के क्षेत्र में दिए जा रहे योगदान की सराहना की गई। इस अवसर पर मिशन स्कूल गौरेला के चार शिक्षकों को भी उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्यों के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कलेक्टर विजय दयाराम के. उपस्थित रहे। वहीं अतिरिक्त कलेक्टर, एसडीएम विक्रांत अंचल, जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी, नगर पालिका परिषद गौरेला के अध्यक्ष मुकेश दुबे, नगर पालिका पेंड्रा के अध्यक्ष राकेश जलान, भाजपा जिला महामंत्री राकेश चतुर्वेदी, रामप्रकाश ठाकुर सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।संकल्प ग्रुप ऑफ कॉलेज के डायरेक्टर ने कहा कि शिक्षकों का सम्मान करना उनके प्रति समाज की कृतज्ञता व्यक्त करने का एक छोटा सा प्रयास है। शिक्षक ही शिक्षित, संस्कारित और स्वस्थ समाज के निर्माण की मजबूत नींव रखते हैं। उनके योगदान का ऋण कभी चुकाया नहीं जा सकता, लेकिन उन्हें सम्मानित करना गौरव की बात है।

शिक्षक हैं तो हमारा अस्तित्व और व्यक्तित्व है – मुकेश दुबे

नगर पालिका परिषद गौरेला के अध्यक्ष मुकेश दुबे ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज हम जिस मुकाम पर हैं, उसमें हमारे शिक्षकों का सबसे महत्वपूर्ण योगदान है। हमारे अस्तित्व और व्यक्तित्व को संवारने तथा जीवन को सही दिशा देने का कार्य गुरुजनों ने किया है। शिक्षा जगत और शिक्षक समाज सदैव वंदनीय एवं सम्मान के पात्र रहेंगे।

शिक्षक के लिए सबसे बड़ा सम्मान शिष्यों की सफलता – भावना आर्थर

मिशन स्कूल गौरेला की प्राचार्य भावना आर्थर ने कहा कि एक शिक्षक के लिए सबसे बड़ा पुरस्कार उसके विद्यार्थियों की सफलता और उनके द्वारा दिए जाने वाला सम्मान होता है। जब विद्यार्थी शिक्षा और संस्कारों के साथ जीवन में ऊंचा मुकाम हासिल करते हैं और अपने गुरुओं को याद रखते हैं, तो यही शिक्षक के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि होती है।उन्होंने कहा कि इस सम्मान समारोह में सम्मानित होकर विद्यालय परिवार गौरवान्वित महसूस कर रहा है। इस प्रकार के आयोजन शिक्षकों को नई ऊर्जा और प्रेरणा प्रदान करते हैं। इससे भविष्य में और बेहतर शैक्षणिक गतिविधियां संचालित करने तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं संस्कारयुक्त वातावरण उपलब्ध कराने का उत्साह बढ़ता है।समारोह में मिशन स्कूल गौरेला की शिक्षिका शशिबाला लाल, अनामिका मंडल, मोनिका रॉबिंसन एवं प्रमोद राजपूत को विशेष रूप से उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान प्रदान किया गया।शिक्षकों के सम्मान से गौरेला क्षेत्र के नागरिकों, विद्यार्थियों और विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। कार्यक्रम ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि समाज के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका सर्वोपरि है और उनका सम्मान करना हम सभी का दायित्व है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!