Newsछत्तीसगढ़

सोनमणि बोरा के नेतृत्व में राष्ट्रीय फलक पर चमक रहा छत्तीसगढ़ का नगरीय प्रशासन, उपलब्धियों ने बढ़ाया प्रदेश का मान,अनुभव, दूरदर्शी सोच और परिणामोन्मुखी कार्यशैली का दिखने लगा असर।

तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी

छत्तीसगढ़ के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की कार्यशैली और उपलब्धियों की चर्चा अब प्रदेश की सीमाओं से निकलकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचती दिखाई दे रही है। जब से 1999 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सोनमणि बोरा ने विभाग के प्रमुख सचिव की जिम्मेदारी संभाली है, तब से नगरीय प्रशासन के कामकाज, योजनाओं के क्रियान्वयन और उपलब्धियों को लेकर एक नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच देखने को मिल रही है। राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न श्रेणियों में छत्तीसगढ़ को मिल रही पहचान और सम्मान ने विभाग की कार्यप्रणाली को भी चर्चा के केंद्र में ला दिया है। इन उपलब्धियों के पीछे विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों की सामूहिक मेहनत के साथ-साथ अनुभवी प्रशासनिक नेतृत्व की भूमिका को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।सोनमणि बोरा की प्रशासनिक पहचान केवल एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी तक सीमित नहीं है, बल्कि उनका लंबा अनुभव, विभिन्न विभागों में कार्य करने की दक्षता और जमीनी प्रशासन की समझ उनकी सबसे बड़ी ताकत मानी जाती है। उन्होंने सरगुजा, जांजगीर-चांपा, कबीरधाम, रायपुर और बिलासपुर जैसे महत्वपूर्ण जिलों में कलेक्टर के रूप में अपनी सेवाएं दी हैं। इसके अलावा रायपुर और बिलासपुर नगर निगम आयुक्त की जिम्मेदारी भी संभाली है। यही वजह है कि नगरीय निकायों की व्यावहारिक समस्याओं, प्रशासनिक चुनौतियों और विकास कार्यों की जमीनी हकीकत से वे भली-भांति परिचित हैं।उनके प्रशासनिक सफर का एक महत्वपूर्ण पक्ष यह भी है कि उन्होंने आदिम जाति, अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग के प्रमुख सचिव, जल संसाधन विभाग के सचिव तथा केंद्र सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय के भूमि संसाधन विभाग में संयुक्त सचिव के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। जनजातीय और वंचित वर्ग के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने वाले ‘प्रयास’ आवासीय विद्यालय मॉडल से जुड़ी उनकी भूमिका तथा नवा रायपुर में शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय से संबंधित कार्यों ने भी उन्हें एक संवेदनशील और दूरदर्शी प्रशासक के रूप में पहचान दिलाई है।नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग जैसे महत्वपूर्ण विभाग की जिम्मेदारी संभालना किसी भी अधिकारी के लिए बड़ी चुनौती होती है। प्रदेश के नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार, स्वच्छता, पेयजल, सड़क, प्रकाश व्यवस्था, नगरीय अधोसंरचना, योजनाओं की समयबद्धता और नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल है। ऐसे में सोनमणि बोरा का प्रशासनिक अनुभव विभाग के लिए एक मजबूत आधार साबित हो सकता है।

खास बात यह है कि उनकी कार्यशैली में विभागीय योजनाओं को केवल कागजी उपलब्धियों तक सीमित रखने के बजाय परिणामों से जोड़ने की अपेक्षा की जा रही है। राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ को मिल रहे सम्मान ने यह उम्मीद भी बढ़ाई है कि प्रदेश के नगरीय निकाय आने वाले समय में विकास, स्वच्छता, नवाचार और नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में और बेहतर प्रदर्शन करेंगे।निश्चित रूप से किसी भी विभाग की सफलता किसी एक अधिकारी का परिणाम नहीं होती। इसके पीछे शासन की नीतियां, जनप्रतिनिधियों का सहयोग, स्थानीय निकायों की सक्रियता और अधिकारियों-कर्मचारियों की सामूहिक मेहनत होती है। लेकिन इन सभी प्रयासों को सही दिशा देने वाला नेतृत्व भी उतना ही महत्वपूर्ण होता है। इस लिहाज से सोनमणि बोरा का अनुभव और प्रशासनिक दृष्टिकोण नगरीय प्रशासन विभाग के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

फिलहाल, छत्तीसगढ़ के नगरीय प्रशासन विभाग से जुड़ी राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियां प्रदेश के लिए गौरव का विषय हैं। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि सोनमणि बोरा के नेतृत्व में विभाग आने वाले दिनों में विकास और नवाचार के कौन-कौन से नए प्रतिमान स्थापित करता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!